सिंधौली में धर्मांतरण कराने के लिए प्रेरित करने के आरोप में पुलिस ने मकान मालिक दंपती अजय व पूजा, अजय की मां रानी देवी, पड़ोसी ज्योति का शांतिभंग में चालान कर दिया है। चालान करते हुए चारों का पांच लाख की धनराशि का मुचलका पाबंद कराया गया है। हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने इस मामले में तहरीर दी थी।
दंपती ने 2012 में दिल्ली में अपनाया था ईसाई धर्म
रविवार दोपहर सिंधौली के गांव कटिया बुजुर्ग में प्रार्थना सभा के दौरान धर्मांतरण कराए जाने की सूचना पर हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर हंगामा किया था। वहां महिलाओं से नोकझोंक भी हो गई थी। इस बीच पुलिस ने मकान में मिली महिला, उसके पति, उसकी सास व एक अन्य महिला को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की। जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने हिरासत में लिए चारों लोगों के खिलाफ तहरीर देते हुए धर्मांतरण के लिए प्रेरित करने के आरोप लगाया है।
अब तक की जांच में पता चला कि दंपती ने 2012 में दिल्ली में ईसाई धर्म अपनाया था। रविवार को प्रार्थना सभा की जा रही थी। पड़ोसी होने के नाते दूसरी महिला हालचाल लेने पहुंची थी। इंस्पेक्टर रवींद्र सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पिछले रविवार को हुए मामले में कॉल डिटेल का इंतजार है। बाकी टीम साक्ष्य जुटा रही है।
जल्द आएगी कॉल डिटेल, गांव पहुंची टीम
धर्मांतरण कराने की सूचना पर पिछले रविवार को सिंधौली में गुरुद्वारा और पेट्रोल पंप के सामने एक मकान में मसीह समाज के लोगों की चल रही प्रार्थना सभा की सूचना पर हिंदू संगठन के नेताओं ने पहुंचकर हंगामा किया था। दस लोगों का शांतिभंग में चालान कर किया गया था।
पुलिस उनकी कॉल डिटेल निकलवा रही है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार या फिर बुधवार तक उनकी कॉल डिटेल आ जाएगी। उसके आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा। सोमवार को एक टीम गांव पहुंची। दोबारा उन्हीं लोगों से पूछताछ की गई है।
सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि सिंधौली में चल रहे दोनों मामलों में पुलिस की कार्रवाई चल रही है। मामले की विवेचना कर पुलिस साक्ष्य जुटा रही है।