शाहजहांपुर में बीएसए कार्यालय में एकत्रित प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी। स्रोत: शिक्षक सं
- फोटो : kathua news
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ में असली को लेकर विवाद का एक बार फिर से गर्मा गया है। शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री संजय सिंह ने बीएसए से मुलाकात कर आरोप लगाया कि सहायक अध्यापक ऋषिकांत पांडे ने संघ के फर्जी लेटर पैड का उपयोग कर शिक्षकों को गुमराह किया है। बीएसए ने दो दिन में जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
जिले में दिनेश शर्मा गुट और सुशील पांडेय गुट की कार्यकारिणी चल रही है। दोनों में असली को लेकर प्रांत स्तर पर मामला लंबित है। दो मार्च को पांडेय गुट ने बैठक कर ब्लॉक कार्यकारिणी को भंग करते हुए निर्वाचन की प्रक्रिया को शुरू कर दिया था। इसे मुद्दे को लेकर दिनेश शर्मा गुट के शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री संजय सिंह ने बीएसए दिव्या गुप्ता से मिलकर ज्ञापन दिया। संजय सिंह ने बताया कि कुछ तथाकथित पदाधिकारी अवैध रूप से शिक्षक संघ के नाम पर चुनाव की घोषणा कर रहे हैं, जबकि आधिकारिक रूप से मान्यता प्राप्त संघ का पंजीकरण लखनऊ स्थित 87/9 रिसालदार पार्क, लाल कुआं पर है।
उन्होंने बताया कि डिप्टी रजिस्ट्रार फर्म, सोसायटी एवं चिट्स द्वारा भी संघ की पंजीकृत कार्यसमिति की पुष्टि की जा चुकी है। संजय सिंह ने कहा कि 30 अगस्त 2022 को तत्कालीन बीएसए ने पत्र जारी कर ऋषिकांत पांडे को विधिशून्य घोषित कर दिया था। इसके बावजूद अब फिर से अवैध रूप से फर्जी लेटर पैड का उपयोग कर शिक्षकों को गुमराह कर रहे हैं। संघ की प्रांतीय संगठन मंत्री अर्चना तिवारी, जिलाध्यक्ष मुनीश मिश्र, जिला मंत्री देवेश वाजपेयी, रविंद्र पाल प्रजापति, जिला मीडिया प्रभारी राजकुमार तिवारी आदि मौजूद रहे।
-
-भारत सरकार से मान्यता प्राप्त अखिल भारतीय शिक्षक संघ से संबद्ध उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का जिलाध्यक्ष हूं। प्रदेश स्तर पर दो कार्यकारिणी बनी है। एक कार्यकारिणी के प्रांतीय अध्यक्ष दिनेश शर्मा हैं। हमारे गुट के अध्यक्ष सुशील पांडेय हैं। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। फर्जी कहना न्यायालय की अवमानना है।
ऋषिकांत पांडेय, अध्यक्ष, प्राथमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट