शाहजहांपुर। दीपावली से पहले परिवहन निगम के 15 संविदा चालकों को झटका लगा है। अनुबंध समाप्त होने के चलते उन्हें ड्यूटी पर जाने से रोक दिया गया है। परिवहन निगम ने संबंधित चालकों की सूची भी सार्वजनिक कर दी है।
शाहजहांपुर डिपो में 148 सरकारी और 76 अनुबंधित बसों का संचालन होता है। इनमें से अधिकतर बसों को संविदा पर कार्यरत चालक चलाते हैं। निगम की ओर से समय-समय पर संविदा चालकों के अनुबंध और जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाती है। इसी प्रक्रिया के तहत 15 चालकों का अनुबंध समाप्त होने पर उन्हें ड्यूटी से रोक दिया गया है।
एआरएम अरुण कुमार ने निर्देश दिए हैं कि जिन संविदा चालकों का अनुबंध समाप्त हो चुका है, उन्हें ड्यूटी पर न भेजा जाए। अनुबंध का नवीनीकरण होने के बाद ही उन्हें ड्यूटी पर लगाया जाए। इसके साथ ही जिन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता समाप्त हो गई है, उन्हें लाइसेंस का नवीनीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। चालकों के लाइसेंस की छायाप्रति कार्यालय में सुरक्षित रखने के लिए भी कहा गया है। एआरएम ने बताया कि संबंधित चालकों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं।