तिलहर/जैतीपुर। विद्युत निगम के प्रबंधन द्वारा छंटनी किए जाने और उत्पीड़न के विरोध में मीरानपुर कटरा और जैतीपुर के संविदा बिजली कर्मचारियाें ने मंगलवार को यहां आकर विद्युत उपकेंद्र परिसर में बैठक की। बाद में कर्मचारी अवर अभियंता नरेंद्र यादव से मिले और उन्हें अपने सामूहिक त्यागपत्र साैंपे।
इससे पहले, उन्होंने निगम प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियाें ने कहा कि ऊर्जा प्रबंधन उन पर अनैतिक दबाव बना रहा है और गलत तरीके से उनकी छंटनी की जा रही है, जबकि नियमित कर्मचारी कम होने के कारण वह 24 घंटे कार्य करते हैं।
ऊर्जा प्रबंधन के छंटनी के फैसले से कर्मचारी मानसिक रूप से परेशान हैं। इस दौरान प्रमोद कुमार, सुशील कुमार, लाल सिंह, सुखपाल, अवधेश सिंह आदि मौजूद रहे। जेई ने बताया कि संविदा कर्मियों का त्यागपत्र उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है। उनका कहना है कि कर्मचारियों की कमी के बावजूद बिना किसी नोटिस के छंटनी किए जाने से काम प्रभावित हो रहा है और कर्मचारियों के त्यागपत्र देने से समस्या बढ़ रही है। संवाद