शाहजहांपुर। परिवहन निगम की अनुबंधित बस चलाने पर संविदा चालक लवकुश की सेवा समाप्त कर दी गई है।
24 अगस्त को लवकुश अनुबंधित बस का संचालन करते हुए मिले थे। इस पर डिपो प्रभारी शेर सिंह ने एआरएम को रिपोर्ट भेजकर चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की संस्तुति की थी। एआरएम ने बताया कि लवकुश निगम में संविदा चालक के पद पर कार्यरत थे। इसके बावजूद वह मनमाने ढंग से अनुबंधित बस का संचालन कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि चालक डिपो में अपनी ड्यूटी से गैरहाजिर रहते थे। इससे उसकी कार्यशैली और डिपो की व्यवस्था के प्रति लापरवाही सामने आई।
एआरएम के अनुसार, लवकुश की इस कार्यशैली से स्पष्ट है कि वह शाहजहांपुर डिपो में अपनी जिम्मेदारियों के प्रति रुचि नहीं रखते थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए फर्रुखाबाद जिले के थाना अमृतपुर क्षेत्र के गांव हरिसिंहपुर गहलवार निवासी लवकुश का अनुबंध समाप्त कर दिया गया है। साथ ही उसकी संविदा सेवा भी समाप्त कर दी गई।