शाहजहांपुर। छावनी क्षेत्र में ओसीएफ अस्पताल से शहीद हमीद के पार्क से होकर पुवायां रोड को मिलने वाली महाराणा प्रताप रोड का निर्माण कार्य बृहस्पतिवार से शुरू हो गया। एमईएस के अंतर्गत आने वाली इस रोड के निर्माण को काफी समय से प्रयास चल रहे थे। इसके निर्माण में करीब 24 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
पुवायां रोड से इमली रोड होकर शहर के अंदर आने व जाने के लिए राहगीर व वाहन चालक छावनी क्षेत्र की महाराणा प्रताप रोड का इस्तेमाल करते हैं। यह रोड कई सालों से जर्जर थी, जिस पर पैदल चलना तक दूभर था। इस समस्या को लेकर अमर उजाला ने कई बार खबरों को प्रकाशित किया। इसके साथ ही छावनी परिषद के नामित सदस्य अवधेश दीक्षित की ओर से एमईएस के अधिकारियों से संपर्क कर रोड के निर्माण के लिए प्रयास किए गए।
इसके बाद महाराणा प्रताप रोड व ओसीएफ गेट से श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर होकर शहीद हमीद पार्क तक आने वाली वाली रोड की मरम्मत व निर्माण को लगभग 36 लाख रुपये का बजट जारी हो सका। दस लाख रुपये से ओसीएफ गेट से शहीद हमीद पार्क की ओर जाने वाली रोड की मरम्मत कर दी गई थी। वहीं पूर्व उपाध्यक्ष गजेंद्र गंगवार की ओर से तमाम बार रोड का निर्माण प्रारंभ कराने के लिए एमईएस के सहायक दुर्ग अभियंता संदीप सैधा से मुलाकात की गई।