फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गंगा एक्सप्रेस-वे : लिपुलेख-भिंड हाईवे पर जलालाबाद में फ्लाईओवर का निर्माण शुरू

Sat, 18 Feb 2023 06:47 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
जलालाबाद में उबरिया गांव के समीप निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पिलर । संवाद
विज्ञापन
हाईवे के दोनों ओर पिलर खड़े करने के लिए कंक्रीट के फाउंडेशन बनकर तैयार
विज्ञापन


शाहजहांपुर/जलालाबाद। पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पूर्वांचल से जोड़ने वाले मेरठ-प्रयागराज के बीच बनाए जा रहे गंगा एक्सप्रेस-वे के जनपद में पड़ने वाले हिस्से के निर्माण में तेजी आ गई है। सदर तहसील में विकास खंड मदनापुर के गावों के आसपास अधिग्रहीत जमीन का समतलीकरण किया जा रहा है। जलालाबाद क्षेत्र में लिपुलेख-भिंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर बारह पत्थर चौराहा और उबरिया मंदिर के बीच फ्लाईओवर का निर्माण शुरू हो गया है। कार्यदायी संस्था हाईवे के दोनों ओर पिलर बनाने के लिए कंक्रीट के फाउंडेशन का काम लगभग पूरा कर चुकी है।

70 मीटर चौड़ा और 7.5 मीटर ऊंचा बनेगा फ्लाईओवर
छह लेन वाले एक्सप्रेस-वे के लिए जलालाबाद में लिपुलेख-भिंड हाईवे पर 70 मीटर चौड़ा और 7.5 मीटर ऊंचा फ्लाईओवर बनेगा जो 18 पिलर पर खड़ा होगा। इसके निर्माण में करीब एक साल लगने का अनुमान है। छह पिलर शाहजहांपुर रोड के बीचों-बीच और छह-छह पिलर रोड के पूरब और पश्चिम दिशा में रहेंगे। निर्माणाधीन पिलर से पहले एक्सप्रेस-वे को ऊंचाई देने के लिए मिट्टी डालने और उसके साइड में दीवार बनाने का काम भी तेजी से चल रहा है। पश्चिम में बदायूं जनपद की सीमा से बुधुआना क्षेत्र के गांव घसा कल्याणपुर से लेकर पूरब दिशा में हरदोई जनपद की सीमा तक एक्सप्रेस-वे निर्माण को लेकर जमीन के समतलीकरण, मिट्टी डालने, अंडरपास निर्माण जैसे सभी कार्य एक साथ चल रहे हैं।
विज्ञापन


फ्लाईओवर के पास बनेगा इंटरचेंज
एक्सप्रेस-वे पर आने-जाने के लिए फ्लाईओवर के पास इंटरचेंज बनना प्रस्तावित है। इसके लिए अतिरिक्त जमीन की व्यवस्था की गई है। तहसील क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे का निर्माण जयपुर की कंपनी एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड करा रही है। कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि फ्लाईओवर समेत इस तरह के अन्य निर्माण कार्य एक से डेढ़ साल में पूरे कर लिए जाएंगे।

परशुराम जन्मस्थली के लिए लिंक मार्ग भी बनने लगे
जलालाबाद स्थित परशुराम जन्मस्थली को बरेली और शाहजहांपुर हाईवे से जोड़ने के लिए लिंक रोड बनाने का काम भी तेज हो गया है। गत 24 अप्रैल को पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने भगवान परशुराम की जन्मस्थली मोहल्ला खेड़ा स्थित परशुराम मंदिर को दोनों हाईवे से जोड़ने की कार्ययोजना तैयार करने की जिम्मेदारी लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद को सौंपी थी। लोनिवि मंत्री ने द्वारा गांव ककरहा के सामने शाहजहांपुर हाईवे से वाया बघापुर होती हुई बरेली हाईवे से मिलने वाली रोड की चौड़ाई बढ़ाने और इसके बीच से नगर के मोहल्ला सदुल्लागंज होकर रामताल तक रोड बनाने की मंजूरी दी। दोनों हाईवे को जोड़ने वाली 5.5 मीटर और वहां से रामताल तक नई रोड 3.75 मीटर चौड़ी बनाई जा रही है।

जमीन की कीमतों में आया भारी उछाल
परशुराम मंदिर को दोनों हाईवे से जोड़ने वाले लिंक मार्गों का निर्माण शुरू होने के साथ आसपास की जमीनों की कीमतों में भारी उछाल आ गया है। कुछ समय पहले तक अलग-थलग पड़े इस क्षेत्र में एक से दो लाख रुपये बीघा के भाव बिकने वाली जमीन की कीमत 20 से 25 लाख रुपये बीघा तक पहुंच गई है। यही नहीं, सड़कों के किनारे खेतों में प्लॉटिंग का काम जोरों से चल रहा है।
विज्ञापन


वर्जन
जहां फ्लाईओवर बनाया जा रहा है, उसके पास ही एक्सप्रेस-वे शाहजहांपुर रोड से जुड़ेगा। इसके लिए दोनों ओर के लूप एरिया में बनने वाला इन्टरचेंज अंग्रेजी के यू अक्षर जैसा होगा। जिले में अलग-अलग साइटों पर सभी तरह के काम एक साथ चल रहे हैं। - राकेश मिश्रा, सहायक प्रबंधक, एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड

जलालाबाद में उबरिया गांव के समीप निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पिलर । संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें