खुटार। क्षेत्र के एक गांव की महिला ने उनकी बेटी को ले जाने के मामले में दो सिपाहियों पर समझौता करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। मामले में कार्रवाई की मांग की गई है।
क्षेत्र के एक गांव की महिला ने बताया कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री को गांव गेहुंआ निवासी रितिक छह सितंबर को बहला फुसलाकर ले गया था। पुत्री को ले जाने में रौतापुर कलां के उपेंद्र और एक गांव के सुमित ने मदद की थी। पुत्री घर से 50 हजार रुपये और जेवर भी ले गई है। आठ सितंबर को पति ने तहरीर दी तो शाम को दो सिपाही उनके घर आकर समझौते का दबाव बनाने लगे। रुपयों का लालच भी दिया गया। मना करने पर धमकी दी गई। बाद में बमुश्किल रिपोर्ट दर्ज हो सकी थी।
महिला का आरोप है कि उन्होंने थाना प्रभारी और विवेचक को पुत्री का जन्म प्रमाणपत्र दिया तो लेने से मना कर दिया गया। दोनों सिपाही आरोपियों की मदद में लगे हैं, इससे उनको न्याय मिलना मुश्किल है।
मेरे आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया है। सिपाहियों पर आरोप की जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी।
-प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां