मीरानपुर कटरा में कार कुर्क करने के दौरान इंस्पेक्टर से जानकारी लेती सीओ ज्योति यादव। स्रोत: जा
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार रात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी रहे मुन्ना सिंह नवादा के छोटे भाई की कार कुर्क कर दी गई। सीओ ज्योति यादव के अनुसार, मुन्ना सिंह के परिजनों पर गैंगस्टर की कार्रवाई तीन महीने पूर्व की गई थी। उसके तहत जमीन के साथ गाड़ियों का जिक्र भी था। कार्रवाई के दौरान मुन्ना सिंह की पुलिस से नोकझोंक हुई।
कटरा विधानसभा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले जैतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अली अकबरपुर निवासी मुन्ना सिंह नवादा रविवार रात करीब साढ़े दस बजे छोटे भाई सरवन की कार से शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली मार्ग पर मोहल्ला बंगशान में मुशर्रफ खान की पुलिया पर कटरा इंस्पेक्टर जुगलकिशोर पाल व जैतीपुर थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव त्यागी ने कार रुकवा ली।
कार रोके जाने पर मुन्ना सिंह की पुलिस से नोकझोंक हो गई। उनके समर्थक भी पहुंच गए। इस बीच चालक चाबी लेकर चला गया। सूचना पर पहुंचीं सीओ तिलहर ज्योति यादव ने मुन्ना सिंह को समझाया और कार की चाबी कब्जे में ले ली। एआरटीओ सर्वेश सिंह ने कुर्की की कार्रवाई करते हुए कार कटरा पुलिस की सुपुर्दगी में दे दी।
मुन्ना सिंह के परिजनों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। उसी के तहत संपत्ति कुर्क की गई है। इसमें गाड़ियां भी शामिल थीं। कार मिलने पर थाने में खड़ी कराई गई है।
- ज्योति यादव, सीओ तिलहर
-डीएम न्यायालय से जमीन और गाड़ी को लेकर आदेश जारी किया गया था। उसी के तहत कार्रवाई की गई है।
- सर्वेश सिंह, एआरटीओ
-
पुलिस जिसके इशारे पर उत्पीड़न कर रही है, उसका उत्तर आने वाले समय में क्षेत्र की जनता जरूर देगी।
- मुन्ना सिंह नवादा