महिला कांग्रेस पश्चिमी जोन की प्रदेश अध्यक्ष भारती त्यागी बृहस्पतिवार को शाहजहांपुर पहुंचीं। उन्होंने यहां कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि माघ मेले में उपजे विवाद को गलत बताया। कहा कि शंकराचार्य को रोका जाना अशुभ है।
शाहजहांपुर में महिला कांग्रेस पश्चिमी जोन की प्रदेश अध्यक्ष भारती त्यागी ने कहा कि माघ मेले में शंकराचार्य को स्नान से रोका जाना अशुभ है। उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। उनके शिष्यों के साथ मारपीट की गई। योगी सरकार में ऐसा हो रहा है। बृहस्पतिवार को भारती त्यागी कांग्रेस कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि शंकराचार्य की आवाज को कांग्रेस उठाएगी। कांग्रेस नेता ने मनरेगा का नाम बदलने पर कहा कि कोई ऐसी चीज नहीं थोपी जाना चाहिए, जिससे आमजन प्रभावित हो। मनरेगा के मुद्दे पर कांग्रेस का विरोध लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देकर महिलाओं को सशक्त किया जा रहा है।
महिला कार्यकर्ताओं ने निकाला जुलूस
उन्होंने महिला अपराधों को लेकर नाराजगी जताई। कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद लोगों ने रामराज्य आने की बात कही थी, लेकिन ऐसा नहीं है। अपराध बढ़ते ही चले जा रहे हैं। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय से जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया गया। महिलाओं ने नारेबाजी कर अपनी आवाज को बुलंद किया।