पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन ने खुटार और बंडा में किया कार्यकर्ताओं को संबोधित
पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि पुवायां विधानसभा क्षेत्र के लोग इस बार कांग्रेस को मौका देकर विधानसभा में जितवाएं जो पुवायां सहित प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कांग्रेस का जीतना जरूरी है।
जितिन प्रसाद रविवार को खुटार और बंडा में बूथ स्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुवायां के लोग केवल वोटर नहीं हैं, सभी लोग उनके घर के सदस्य जैसे हैं। मध्य प्रदेश के विधायक सुनील जैन ने कहा कि उत्तर प्रदेश 27 साल में बेहाल हो गया है। प्रदेश भर में विकास के नाम पर कुछ नहीं किया गया है। उपेंद्र पाल ने कहा कि पुवायां में विकास की हालत यह है कि हाइवे पर खुटार- पुवायां के बीच भैंसी नदी का पुल कई वर्षों से जर्जर है, लेकिन इसके निर्माण की कोरी बयानबाजी ही की जा रही है। पुल की मरम्मत का काम दिन में रुकवा दिया जाता है और रात के अंधेरे में शुरु करा दिया जाता है। खुटार बंडा रोड प्रदेश की सबसे खराब सड़क है।
जिलाध्यक्ष कौशल मिश्रा ने कहा कि प्रदेश विकास के मामले में काफी पिछड़ गया है। कानून व्यवस्था बेहद खराब है। भाजपा ने नोटबंदी कर किसानों की कमर तोड़ दी है। बसपा, सपा और भाजपा प्रदेश में विकास नहीं करा सकती हैं। सपा के शासनकाल में प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति भी अत्यंत खराब हो चली है, लोग बेहद परेशान हैं।
बूथ स्तरीय सम्मेलन में अभय दीक्षित, संतोष शर्मा, पवन मिश्रा, देव शर्मा, राम प्रकाश मिश्रा, राजू शर्मा, रामसेवक शुक्ला, जगेश्वर दयाल शुक्ला, विनीत त्रिपाठी, योगेंद्र सिंह, हृदयेश पांडे, सुनील कुमार, अवधेश पांडे सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे। इससे पूर्व खुटार और बंडा में सुनील जैन, जितिन प्रसाद सहित तमाम नेताओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।