जिला समन्वयक बालिका शिक्षा इंद्रेश सिंह ने कस्बा स्थित कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय में बालिकाओं के दो दिवसीय एल्यूमिनाई पुरातन छात्रा सम्मेलन में छात्राओं का आह्वान किया कि वे बॉ स्कूलों से प्राप्त संस्कारों को हृदय से अंगीकृत कर समाज में विशिष्ट स्थान प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से छात्राओं में पारस्परिक सहभागिता विचार विनिमय और नवीनतम जानकारियों के आदान प्रदान से आत्म विश्वास में वृद्धि होती है।
वार्डेन शिप्रा अनुराग ने कहा कि अपनी मेहनत, नेकनीयती और कर्तव्य के प्रति ईमानदारी से जीवन की नई ऊचाइयों को छूकर अपने परिवार व राष्ट्र का नाम रोशन करें। सम्मेलन में अर्चना विश्वनोई व मृणालिनी मिश्रा ने छात्राओं को वर्तमान परिवेश में संभावित खतरों, उनसे बचाव महिला सुरक्षा व हेल्पलाइन की जानकारी दी। ममता आर्या व रागिनी तिवारी ने महिलाओं के अधिकार व कानून प्रावधानों से छात्राओं को अवगत कराया। वंदना वर्मा व ममता तिवारी के कुशल निर्देशन में छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। इस दौरान छात्राओं ने पारवारिक, सामाजिक, शैक्षिक, पठन-पाठन संबंधी जानकारियां साझा कीं। इस दौरान मोहम्मद हारून, आशुतोष मिश्रा, पूजा गुप्ता, रीना, महिमा, सरनजीत, रूही, जूली गौतम, सबरीन, सरनजीत आदि छात्रायें मौजूद रहीं। कार्यक्रम में ताजबर बेगम, रामऔतार, रमेश, कुसुमा आदि का सहयोग रहा।