शाहजहांपुर। मुरादाबाद मंडल का ए-ग्रेड स्टेशन कहे जाने वाले शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं ही नहीं मिल पा रही हैं। फिर चाहे वह ट्रेनों का इंतजार करने के लिए बैठना हो या फिर प्यास बुझानी हो। स्टेशन पर बिजली कब चली जाए, इसका भी कुछ पता नहीं होता है।
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को ट्रेन के इंतजार में प्लेटफार्म के फर्श पर बैठने को मजबूर होना पड़ता है। प्लेटफार्म नंबर-एक यात्रियों के लिए गिनी-चुनी बेंच ही पड़ी हैं। कई बेंचों के पास पंखे तक नहीं लगे हैं। जहां पर पंखे लगे हैं, वहां एक भी बेंच नहीं है। भीषण गर्मी में पंखे की हवा ढूंढ़ने वाले यात्री मजबूरी में प्लेटफार्म के फर्श पर बैठते हैं। प्लेटफार्म पर यात्रियों के लिए लगे पंखे भी इतने धीमे चलते हैं कि उनकी हवा यात्रियों तक नहीं पहुंचती। भीषण गर्मी में दूसरी सबसे बड़ी जरूरत पीने के ठंडे पानी की उपलब्धता भी रेल यात्रियों को नहीं पा रही है। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर आरपीएफ चौकी के पास लगे शीतल पेयजल की मशीन ही खराब पड़ी है। मशीन गर्म पानी उगल रही है। दूसरे और तीसरे प्लेटफार्म पर मात्र एक शीतल पेयजल की मशीन लगी है, जिसके आगे यात्रियों की कतार लगी रहती है। ऐसे में पानी भरने के लिए ट्रेन से उतरने वालों को मायूस होना पड़ता है।
गर्मी और बरसात में सिर ढकने तक की जगह नहीं
- रेलवे स्टेशन के एक नंबर प्लेटफार्म पर मौजूद कार्यालयों के सामने ही टिनशेड पड़ा हुआ है। जबकि प्लेटफार्म पर आने वाली ट्रेन शेड से काफी आगे जाकर रुकती है। ऐसे में यात्रियों को पहले से ही खुले आसमान के नीचे खड़े होकर ट्रेन के आने का इंतजार करना होता है। दूसरे, तीसरे प्लेटफार्म पर भी कुछ ही जगह पर टिन शेड है। तो वहीं तीसरे और चौथे प्लेटफार्म पर टिन शेड तक नहीं है।
बरसात में टपकती है रेलवे स्टेशन की छत
रेलवे स्टेशन के भवन की छत बरसात में टपकती है। बीते रविवार को दोपहर में हुई झमाझम बारिश ने रेलवे स्टेशन के भवन की पोल खोल दी। प्लेटफार्म नंबर एक पर ही स्थित कैंटीन और उसकी रसोई की छत से जलधारा बहती रही।जीआरपी चौकी के सामने जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। यह स्थिति हर बार बन जाती है।
मुख्य गेट पर लगी हाईमास्ट लाइट खराब पड़ी
रेलवे स्टेशन के पोर्टिको के ऊपर हाईमास्ट लाइट लगी है, जोकि पिछले एक सप्ताह से जल ही नहीं रही। इसकी वजह से रात के पोर्टिको के आसपास अंधेरा रहता है। चोर, उचक्के इसका फायदा उठाते हैं।
सेकेंड एंट्री पर लगा एनाउंसमेंट सिस्टम भी गायब
शहर की अधिकांश आबादी रेलवे स्टेशन पर आने के मालगोदाम रोड स्थित सेकेंड एंट्री का प्रयोग करते हैं। इसको ध्यान में रखकर मुरादाबाद मंडल के डीआरएम द्वारा सेकेंड एंट्री पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के निर्देश दिए थे। लेकिन इस ओर लगा एनाउंसमेंट सिस्टम तक उतार लिया गया है। इससे प्लेटफार्म पर आने वाली ट्रेनों की जानकारी यात्रियों को नहीं मिल पा रही है।
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के बैठने के लिए बेंच पड़ी हैं, पेयजल की व्यवस्था भी है। आरपीएफ चौकी के पास शीतल पेयजल के लिए लगा वाटर कूलर दिखवा लिया जाएगा। यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। - पीएस तोमर, स्टेशन अधीक्षक, शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन