तिलहर । नवदिया गांव निवासी राकेश (52) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रविवार शाम राकेश की खेत पर धान की फसल में कीटनाशक दवा लगाते समय तबीयत बिगड़ी। मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही उनकी मौत हो गई।
दीनदयाल ने बताया कि पिता राकेश खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार की शाम करीब चार बजे पिता खेत में धान की फसल में कीटनाशक दवा लगा रहे थे। तबीयत बिगड़ने पर शाम करीब छह बजे पिता घर चले आए। कुछ देर बाद पिता को घबराहट हुई और उल्टियां आना शुरू हुईं। इसके बाद वह बेहोश हो गए।
तुरंत पिता को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां गेट पर पहुंचते ही पिता ने दम तोड़ दिया। राकेश के शव को देख उनकी पत्नी अनीता, बेटी अंगूरा, गुड्डी और बेटे दीनदयाल का रोते-रोते हाल बेहाल हो गया है। सीओ तिलहर विदुष सक्सेना ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। संवाद