फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मामूली शिकायतों के निस्तारण में भी पिछड़ रहा संपूर्ण समाधान दिवस

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। जन सामान्य की विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण में तहसील स्तर पर होने वाला संपूर्ण समाधान दिवस भी नाकाफी साबित हो रहा है। यहां अधिकतर शिकायतें वह आ रहीं हैं जिन्हें तहसील स्तर पर आसानी से निपट जाना चाहिए। मामला चाहें जमीन पर कब्जे का हो या पारिवारिक संपत्ति की विरासत का, मामूली काम के लिए भी लोग संपूर्ण समाधान दिवस तक आने को मजबूर होते हैं। इसके बावजूद उनके काम नहीं हो पाते।
विज्ञापन

शनिवार को डीएम उमेश प्रताप सिंह को कलान तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करनी थी। उनके अवकाश पर होने के कारण वहां प्रभारी डीएम के तौर पर सीडीओ श्याम बहादुर सिंह पहुंचे। इधर, सदर तहसील में समाधान दिवस की एसडीएम सतीश चंद्रा ने शुरुआत कराई, लेकिन बाद में वह प्रशासनिक व्यस्तता के कारण कृषि विभाग के कुछ अधिकारियों के साथ बैठक करने चले गए। दोपहर करीब एक बजे तक 30 फरियादी पहुंच चुके थे लेकिन उच्चाधिकारी के न होने पर शिकायती पत्र देकर चले गए। शाम तक समाधान दिवस में 48 फरियादी पहुंचे और उनमें केवल सात प्रकरण निस्तारित हुए।
मेरे पति धर्मेंद्र की मृत्यु हो चुकी है। उनके नाम जो जमीन खतौनी में दर्ज चली आ रही है, उसे मेरे और बेटे के नाम दर्ज किया जाना न्यायिक दृष्टि से आवश्यक है। इस संबंध में तहसील में कई प्रार्थना पत्र दे चुकी हूं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही जबकि मेरे पति का अन्य कोई वारिस नहीं है। -सीमा देवी, गांव मिरगापुर
विज्ञापन

गांव के बाहर शंकर भगवान का मंदिर है, लेकिन उसकी जमीन पर एक साल पहले गांव के ही एक व्यक्ति ने कब्जा कर लिया। मंदिर के नाम से करीब 55 बीघा खेती की जमीन है, उस पर भी गांव के कई लोग कब्जा कर फसलें उगा रहे हैं। लखनऊ तक शिकायत करने के बाद अब जमीन से कब्जा छुड़ाने को फिर तहसील आया हूं। -बाबा कुंभदास, गांव नौसिया
लेखपाल न दिखे तो भड़के सीडीओ
कलान। हैदलपुर, बहरिया, बुढौरा आदि गांव के लोगों ने जमीन पर कब्जे को लेकर शिकायत की तो समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे सीडीओ ने लेखपालों को तलब कर लिया। काफी देर तक कोई लेखपाल नहीं आने पर सीडीओ ने सख्त तेवर दिखाते हुए तहसीलदार दुर्गेश यादव से नाराजगी जताई। इस पर तहसीलदार खुद लेखपालों को बुलाने चले गए। सीडीओ ने जमीन विवाद के मामलों में लापरवाही बरतने पर कई राजस्व निरीक्षकों को निलंबन की चेतावनी दी। इस मौके पर राजस्व विभाग की सर्वाधिक 38 शिकायतें मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। इस अवसर पर एसडीएम दशरथ कुमार, तहसीलदार दुर्गेश यादव, एसएचओ शोएब मियां आदि अधिकारी मौजूद रहे।
तिलहर। एडीएम वित्त त्रिभुवन की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस में 72 में से मात्र चार का ही मौके पर निस्तारण हो सका। युवा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता श्रवण कुमार सिंह ने कहा कि नगरपालिका के उमा टॉकीज मार्ग पर एक फाइबर कंपनी ने अंडरग्राउंड नेटवर्क पाइप लाइन डालने के नाम पर सड़क को खोद दिया है। आरोप है कि ईओ ने कंपनी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों ने रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। अधिवक्ता जितेंद्र वर्मा, सचिन कुमार सिंह, राजवीर यादव आदि मौजूद रहे। सर्वाधिक शिकायतें राजस्व, पूर्ति तथा पुलिस विभाग से संबंधित रहीं। इस दौरान एसडीएम राशि कृष्णा, थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें