जलालाबाद में केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद से भेंट करते भाजपा कार्यकर्ता। स्रोत: मीडिया प्र
जलालाबाद। भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष सुधीर गुप्ता सहित अन्य कई लोग रविवार को केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद से मिले। उन्हें अलग-अलग ज्ञापन देकर विद्युत निगम के अभियंताओं पर कनेक्शन चेकिंग के बहाने मनमानी धन उगाही करने की शिकायत की। केंद्रीय राज्यमंत्री ने अधिकारियों से मोबाइल पर बात की और जांच कराकर कार्रवाई कराने का भरोसा दिया।
उनसे भेंट करने वालों में परशुराम जन्मभूमि प्रबंध समिति के प्रबंधक रामू अग्निहोत्री, बार संघ के पूर्व अध्यक्ष विनोद चंद्र शर्मा, भाजपा नेता गोपाल द्विवेदी आदि शामिल रहे। इन सभी ने उन्हें अलग अलग ज्ञापन दिए। ज्ञापनों में कहा गया है कि बिजली अभियंता और कर्मचारी आए दिन सुबह पौ फटने से पहले टीम बनाकर घूमने लगते हैं। टीम के सदस्य दरवाजा खटखटाने के बजाय चेकिंग के नाम पर मकानों पर सीढ़ी लगाकर छतों पर चढ़ जाते हैं।
इस दौरान उनके साथ न तो स्थानीय पुलिस होती है न ही कोई महिला अधिकारी। मकान पर चढ़ने का कारण पूछने पर टीम के सदस्यों द्वारा बदसलूकी करना आम बात है। लोगों के अनुसार बिजली के मीटर घरों के बाहर लगे हैं। इसलिए चेकिंग के लिए अवैध तरीके से छतों पर जाने का कोई औचित्य नहीं है। चेकिंग के बाद टीम यह कहकर चली जाती है कि उपकेंद्र पर आकर मिलें। ज्ञापन में आरोप है कि उपकेंद्र जाने पर उपभोक्ताओं को रिपोर्ट दर्ज करा देने की धमकी देकर उनसे धन उगाही का खेल शुरू हो जाता है। संवाद