शाहजहांपुर। तहसील सदर के नायब तहसीलदार न्यायालय कांट से दो पत्रावलियां गायब होने का आरोप लगाते हुए तहसील बार संघ के अध्यक्ष अधिवक्ता घनश्याम किशोर मिश्रा ने एसडीएम सदर से शिकायत की है। पत्रावलियां दो सगी बहनों रानी और सुमन से संबंधित वाद की हैं। एसडीएम ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अधिवक्ता की ओर से दिए गए पत्र के मुताबिक ग्राम झरहर हरिपुर, परगना कांट की भूमि को लेकर रानी बनाम रामबहादुर और सुमन बनाम रामबहादुर के वाद की पत्रावलियां चार अगस्त को नायब तहसीलदार कोर्ट में पेश हुईं थीं। मामला पुत्रियों के नाम दानपत्र करने और बाद में उसे वापस लिए जाने से संबंधित है। रानी और सुमन ने बिना उनका पक्ष सुने निर्णय लिए जाने के खिलाफ वाद दायर किया था।
शिकायत के मुताबिक दोनों पत्रावलियां करीब दो माह से नहीं मिल रही हैं, जिससे वादों की सुनवाई नहीं हो पा रही है। अधिवक्ता का आरोप है कि पत्रावलियों के संबंध में तहसील स्तरीय अधिकारियों से कई बार लिखित शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
एसडीएम सदर प्रभात राय ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। नायब तहसीलदार कांट न्यायालय में पत्रावलियों की संख्या अधिक है। संभव है कि पत्रावलियां अन्य फाइलों के नीचे दब गईं हों। उन्हें तलाश कराकर वादों का निस्तारण कराया जाएगा।