शाहजहांपुर। दाखिल-खारिज नहीं होने और जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोग नगर निगम के चक्कर लगा रहे हैं। मंगलवार को हुई जनसुनवाई में दाखिल-खारिज से संबंधित दो और जन्म प्रमाण पत्र बनने की एक शिकायत आई। कुल सात शिकायतें आईं। इनमें से एक का निस्ताण किया गया।
नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में मोहल्ला बारादरी निवासी राजेश जौहरी व दिलावरगंज में रहने वाली निर्मला ने दाखिल-खारिज नहीं होने की शिकायत की। महंमद जंगला में रहने वाले नौशाद ने जन्म प्रमाण पत्र नहीं बनने की शिकायत की। जन्म प्रमाण पत्र बनवा दिया गया।
हुंडाल खेल के पार्षद ने नालों की सफाई और कूड़ा उठान की, लोदीपुर के पार्षद रुपेश कुमार ने नाली सफाई न होने की, एसपी कॉलेज के पास रहने वाले सच्चिदानंद ने स्कूल के पीछे से डंपिंग प्वाइंट हटाने की मांग की। तिलहरजई निवासी किशन ने एसीपी दिलाए जाने की मांग की।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, संयुक्त नगर आयुक्त संगीता कुमारी, सहायक नगर आयुक्त राजकुमार गुप्ता, मुख्य अभियंता निर्माण एसके आंबेडकर, महाप्रबंधक जल विजय कुमार नारायण, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।