लाल इमली चौराहा के पास पुलिया निर्माण के लिए चल रहा कार्य। संवाद
शाहजहांपुर। नाले की पुलिया के निर्माण के लिए लाल इमली चौराहा से घंटाघर जाने वाली मुख्य सड़क को बैरिकेडिंग लगाकर बंद किया गया है। पुलिया निर्माण की गति काफी धीमी है। इससे राहगीरों और दुकानदारों को काफी दिक्कत हो रही है। व्यापारियों के विरोध जताने के बाद भी निर्माण ने गति नहीं पकड़ी है।
19 जून को लाल इमली चौराहा पर पुलिया निर्माण के लिए स्टेशन के लिए जाने वाली मुख्य सड़क को बंद कर दिया गया था। संकरी गलियों से होकर दो पहिया वाहन गुजरते हैं, ऐसे में यहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। अगर कोई ई-रिक्शा गली में घुस जाए तो हालात और खराब हो जाते हैं।
गली में नाले का गंदा पानी भी भरा रहता है। पुलिया बंद होने से आसपास के दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। व्यापारी नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी को पुलिया का शीघ्र निर्माण कराने के लिए ज्ञापन भी दे चुके हैं।
-
राहगीरों और दुकानदारों की समस्या को देखते हुए संबंधित ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं वे जल्द निर्माण पूरा करे। अधिकारी निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे हैं। जल्द ही पुलिया बनवाकर आवागमन सुचारु करा दिया जाएगा।
- सौम्या गुरुरानी, नगर आयुक्त