शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, संस्थागत पहचान व नवाचार को सशक्त बनाने की दिशा में कुलपति प्रो.पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने विभिन्न महत्वपूर्ण समितियों का गठन किया है। इन समितियों के माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को नई दिशा प्रदान की जाएगी।
विश्वविद्यालय के लोगों, झंडा एवं ध्येय वाक्य के निर्धारण के लिए गठित समिति में प्रो. आलोक मिश्रा को समन्वयक नियुक्त किया गया है। प्रोफेसर अजीत सिंह चारग, डॉ. अर्चना गर्ग व डॉ. प्रज्ज्वल पुंडीर को सदस्य बनाया है। यह समिति विश्वविद्यालय की पहचान और वैचारिक मूल्यों को अभिव्यक्त करने वाले प्रतीकों का निर्धारण करेगी।
विश्वविद्यालय के कुलगीत के निर्माण के लिए गठित समिति में डॉ. कविता भटनागर को समन्वयक बनाया गया है। समिति में डॉ. इंदु अजनबी को बाह्य सदस्य के रूप में शामिल किया गया है, जबकि डॉ. प्रमोद यादव को सदस्य नामित किया गया है।
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय स्तर पर विभिन्न पाठ्यक्रमों के संचालन व नवीन पाठ्यक्रमों के आरंभ के लिए गठित पाठ्यक्रम निर्धारण समिति में प्रो. आलोक मिश्रा को समन्वयक बनाया गया है। समिति में प्रो. मीना शर्मा, प्रो. शालीन कुमार सिंह, प्रो. देवेंद्र सिंह, डॉ. आलोक कुमार सिंह, डॉ. प्रांजल शाही, राजनंदन सिंह राजपूत एवं डॉ. आदर्श पांडेय को सदस्य बनाया गया है।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय को एक उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए संस्थागत संरचना, सांस्कृतिक पहचान एवं आधुनिक पाठ्यक्रमों का समन्वित विकास आवश्यक है। गठित समितियां विश्वविद्यालय की दीर्घकालिक विकास योजनाओं को गति प्रदान करेंगी।