खुटार सीएचसी का निरीक्षण करते सीएमओ। संवाद
खुटार। सीएमओ डॉ. विवेक मिश्रा ने खुटार और पुवायां सीएचसी का निरीक्षण किया। खुटार में दो डॉक्टरों सहित छह स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने सीएचसी अधीक्षक को अनुपस्थितकर्मियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
सोमवार दोपहर सीएमओ खुटार सीएचसी पहुंचे। उपस्थित रजिस्टर चेक करने पर डाॅ. अंजना राना, डॉ. विनोद कुमार, स्टाफ नर्स परमजीत सिंह, एएनएम प्रियंका पटेल, बीपीएम नूरल सबा अनुपस्थित मिलीं। छह कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर सीएमओ ने सीएचसी अधीक्षक से नाराजगी जताई। दवा वितरण कक्ष में ट्रेनी फार्मासिस्ट बिना यूनिफाॅर्म के मिला। सीएचसी में गंदगी मिलने पर सफाई कराने के निर्देश भी दिए।
गांव कैमहरिया पीएचसी पर तैनात डाॅ. अंकित को तीन दिन कैमहरिया और तीन दिन नवदिया नवाजपुर पीएचसी पर ड्यूटी के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कुछ लोगों ने एक मेडिकल स्टोर के बिना लाइसेंस संचालित होने की शिकायत की। सीएमओ ने कहा कि ड्रग इंस्पेक्टर मामले की जांच करेंगे। इसके बाद सीएमओ ने पुवायां सीएचसी का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई पर असंतोष व्यक्त किया।