शाहजहांपुर। बूंदाबांदी होने से बृहस्पतिवार को उमस से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी के आसार है।
बारिश कम होने से उमस बढ़ी है, इसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को सुबह से ही बादल छाए रहे। काफी देर तक बूंदाबांदी होती रही। दोपहर में बादल छट गए और तेज धूप निकल आई।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि शुक्रवार को 2.8 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 31.8 और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज रहा। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार के मुकाबले शुक्रवार को अधिकतम तापमान में 3.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि शनिवार को बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। सोमवार को तेज बारिश हो सकती है।