तिलहर। जैतीपुर मार्ग पर भुड़ेली गांव के फ्यूल पंप के पास रविवार को सुबह कार की टक्कर लगने से बाइक पर सवार गढि़यारंगीन निवासी 50 वर्षीय जगत राम माली सड़क पर गिर गए। गंभीर चोट आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया, लेकिन तब तक कार लेकर उसका चालक भाग चुका था।
जगतराम के पुत्र अमन ने पुलिस को बताया कि पिता फेरी लगाकर कपड़ा बेचने का काम करते थे और हादसे के समय बाइक से कपड़ा खरीदने शाहजहांपुर जा रहे थे। उनकी मौत से पत्नी संजू देवी, पुत्र अनमोल और अमन व पुत्री गुड़िया और अंशिका का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि कार और उसके चालक की तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर और पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद