शाहजहांपुर के कांट में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद किशोर को पूछताछ के लिए थाने लाया गया, जहां से किशोर लापता हो गया। इसकी जानकारी होने पर उसके परिजनों ने हंगामा कर दिया। पुलिस पर किशोर को गायब करने का आरोप लगाया।
शाहजहांपुर के कांट कस्बा के मोहल्ला पट्टी निवासी रामपाल का 17 वर्षीय पुत्र देश कुमार के थाने से लापता होने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने बुधवार शाम हंगामा कर दिया। परिजन ने थाने गेट के सामने बैठकर जाम लगा दिया। पुलिस ने किसी तरह समझाकर उन्हें शांत किया। पुलिस ने किशोर की तलाश के लिए टीमों को लगाया है।
विज्ञापन
होली वाले दिन डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद होने पर मामला थाने तक पहुंचा था। इसके बाद तीन दिन पहले पुलिस राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा दस के छात्र को पूछताछ के नाम पर थाने ले आई थी। रामपाल व मां माया देवी का आरोप है कि मंगलवार को बेटे को खाना और चाय दे गए थे।
बुधवार को दंपती बेटे से मिलने गए तो पुलिस टाल-मटोल करने लगी। काफी देर तक इंतजार के बाद भी कोई सटीक जवाब नहीं मिलने पर परिजन भड़क गए और थाने के सामने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। परिजनों ने पुलिस पर बेटे को गायब करने का आरोप लगाया। जाम लगने से कांट-जलालाबाद मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। 30 मिनट तक लोग हाईवे पर बैठे रहे।
विज्ञापन
पुलिस पर किशोर को गायब करने का आरोप
परिजनों ने पुलिस पर दूसरे पक्ष के साथ मिलकर बेटे को गायब करने का आरोप लगाया है। इस बीच दो थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और परिजन को समझाकर शांत कराया। सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि किशोर की तलाश की जा रही है। उसकी लोकेशन तलाशने के लिए सर्विलांस सेल का सहारा लिया जा रहा है। साथ ही पुलिस की टीमों को लगाया है।
दोबारा से धरने पर बैठे परिजन
बेटे की बरामदगी की मांग को लेकर देश कुमार के परिजनों ने रात करीब साढ़े नौ बजे दोबारा जाम लगा दिया। पुलिस ने उन्हें समझाकर करीब सवा दस बजे जाम खुलवाया। परिजनों ने बताया कि पुलिस के हिरासत में लेने के कारण दस मार्च को हाईस्कूल की परीक्षा भी देश कुमार नहीं दे पाया।