तिलहर (शाहजहांपुर)। चांदपुर गांव में शनिवार की रात एक शादी समारोह में जयमाला कार्यक्रम के दौरान डीजे बंद कराने पर दो पक्षों में विवाद के बाद हुई मारपीट में वधू के दो मौसेरे भाइयों सहित कई लोग घायल हो गए। एक पक्ष ने मारपीट के साथ जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और सोने की चेन लूट लेने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज क्षेत्र के गांव शेखपुर रुस्तमपुर निवासी सनी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह शनिवार को अपनी मां और भाई के साथ मौसी की बेटी की शादी में चांदपुर आए थे। जयमाला कार्यक्रम शुरू होने पर उन्होंने डीजे बंद करने के लिए कहा। इससे नाराज गांव के एक युवक ने अपने 10-12 साथियों के साथ उन पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान उनके गले से सोने की चेन भी लूट ली गई। उनके छोटे भाई को भी पीटे जाने से उसके कान से खून बहने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए घायलों को सीएचसी भेजा। प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि दोनों पक्षों से प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद