निगोही। कस्बे की इंडेन गैस एजेंसी पर सोमवार की दोपहर कर्मचारी और सपा नेता के बीच विवाद हो गया। इसके बाद गैस एजेंसी कर्मी की तहरीर पर पुलिस ने सपा नेता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सपा नेता ने भी तहरीर दी है।
मोहल्ला रामनगर बगिया निवासी राज उर्फ मोहित ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह इंडेन गैस एजेंसी पर नौकरी करता है। सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे कस्बे में पावर हाउस के पास एजेंसी पर सिलिंडर वितरण कर रहे थे। आरोप है कि मोहल्ला आजाद नगर की नगर पंचायत सदस्य संध्या सिंह के पति सपा नेता राजेश सिंह कार्यालय में घुस आए।
नियमों का उल्लंघन करते हुए लाइन में लगने से इन्कार कर दिया। आरोप है कि बिना लाइन में लगे सिलिंडर देने से मना करने पर राजेश सिंह ने उनके साथ मारपीट की। दूसरी ओर सपा नेता राजेश सिंह का कहना है कि वह केवाईसी कराने गए थे। मना करने हुए कर्मचारी ने धक्का दे दिया। विरोध करने पर मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी। वहीं, प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि गैस एजेंसी कर्मी की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। तथ्य व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।