सिंधौली। गुरुग्राम जाने के लिए घर से निकले बुजुर्ग का शव संदिग्ध हालात में खेत में मिला। पुलिस मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव सुहेली निवासी दाताराम (60) शुक्रवार शाम करीब छह बजे परिवार से गुरुग्राम जाने की बात कहकर घर से निकले थे। शनिवार सुबह सुबह उनका शव गांव से पांच सौ मीटर की दूरी पर खेत में मिला। शव के पास उनकी शर्ट, धोती और शर्ट में सौ रुपये का नोट रखा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बेटे अजयपाल ने बताया कि पिता गुड़गांव में रिक्शा चलाने के लिए जा रहे थे। उनके पास मोबाइल नहीं था। सभी लोग सोच रहे थे कि दाताराम ग्ररुग्राम चले गए। मगर सुबह उनका शव मिलने की सूचना मिली। परिवार ने किसी से भी रंजिश होने से इनकार किया है। सिंधौली थाने के निरीक्षक जगनारायण पांडेय ने बताया कि परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।