पुलिस की ओर से दिए गए राशन के साथ पुवायां में कोतवाली में मौजूद गांव महुई की प्रेमवती। संवाद
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। एक बुजुर्ग महिला ने कोतवाली आकर कहा कि उसके सामने खाने की समस्या है, वह बहुत परेशानी में है। इस पर पुलिस वालों ने न सिर्फ उसे राशन उपलब्ध कराया, साथ ही ई रिक्शा से घर तक भिजवाया। महिला को मदद का आश्वासन भी दिया।
गांव महुई निवासी प्रेमवती बुधवार को थाने पहुंचीं और इंस्पेक्टर केबी सिंह को बताया कि उनके पति रामनाथ की मौत हो चुकी है। दो बेटियां थी, दोनों की शादी हो चुकी है और वह घर में अकेली रहतीं हैं। उनके पास एक एकड़ खेत है जो उनकी गुजर बसर का जरिया है, लेकिन उनका एक दामाद आकर खेत के ठेके राशि लेकर घर चला जाता है, जिस कारण उनको जीवन यापन में काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
इस संबंध में सिपाहियों को गांव भेजकर जानकारी कराई गई तो महिला की बात सही निकली। इसके बाद कोतवाली प्रभारी ने महिला को राशन आदि उपलब्ध कराने के साथ ही ई-रिक्शा से उनके घर तक भिजवाया। महिला को आश्वासन दिया गया कि उनके दामाद को बुलाकर खेत के ठेके की राशि भी उनको दिलवाई जाएगी। संवाद