पुवायां। हाईकोर्ट में अवमानना याचिका डाले जाने के बाद अधिकारी सक्रिय हुए। जेसीबी अतिक्रमण हटाने पहुंची तो दुकानदारों ने खुद ही अवैध कब्जे हटाने शुरू कर दिए।
गौरतलब है कि पुवायां के कौशलेंद्र मिश्रा ने पत्र भेजकर बताया था कि पुवायां में राजीव चौक से खुटार पर गाटा संख्या 487 पर नेशनल हाईवे है। तमाम लोगों ने हाईवे की जगह पर कब्जा कर दुकानें बना ली हैं। उन्होंने अवैध कब्जे हटवाए जाने की मांग की थी। कार्रवाई नहीं होने पर कौशलेंद्र ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। 11 जनवरी 2021 को हाईकोर्ट ने शाहजहांपुर प्रशासन को छह सप्ताह में मामले का निस्तारण करने का आदेश दिया था, बावजूद इसके कब्जे नहीं हटवाए गए।
समय सीमा बीत जाने के बाद कौशलेंद्र मिश्रा ने हाईकोर्ट में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की। इस पर हाईकोर्ट ने याचिका स्वीकार करते हुए अधिकारियों को पूर्व आदेश का पालन कराने को एक मौका और देते हुए आदेश किया तो खलबली मच गई। बुधवार को एनएचएआई के डिप्टी मैनेजर, एसडीएम सतीश चंद्रा पुलिस फोर्स और राजस्वकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और पैमाइश कराई। चिन्हित लोगों को अवैध कब्जे हटा लेने के लिए शुक्रवार शाम तक का समय दिया।
बृहस्पतिवार को फिर से पैमाइश की गई तो तमाम व्यापारियों की दुकानें अतिक्रमण की जद में आ गईं। इसके बाद बृहस्पतिवार शाम नायब तहसीलदार सतीशचंद्र गुप्त और एनएचएआई के डिप्टी मैनेजर तुषार सिंह जेसीबी और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो दुकानदारों में खलबली मच गई और व्यापारियों ने खुद ही अवैध कब्जे हटाने शुरू कर दिए। जेसीबी से एक दुकान का कुछ हिस्सा हटाया भी गया, लेकिन बाद में नायब तहसीलदार ने शुक्रवार सुबह तक अतिक्रमण हटाने का समय दे दिया।
बेशकीमती है हाईवे के किनारे की जमीन
पुवायां। पुवायां में राजीव चौक के पास जिस जमीन पर लोगों ने स्थायी और अस्थायी दुकानें बना रखी हैं, वह हाईवे के किनारे होने के कारण करोड़ों की है। बताया जाता है कि जो लोग दुकान आदि बनाए हैं, उन्होंने जगह को जिला पंचायत से एलाट कराया था, लेकिन एलाट वाली जगह पर निर्माण कराने के साथ ही हाईवे के गाटा पर भी निर्माण करा लिया गया।
अवमानना याचिका दाखिल की गई है। हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में हाईवे किनारे से अवैध कब्जे हटवाए जा रहे हैं। दुकानदारों को शुक्रवार सुबह तक का समय दिया गया है। - तुषार सिंह, डिप्टी मैनेजर एनएचएआई बरेली