शाहजहांपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवेदकों की दूसरी सूची में शामिल 7986 आवेदकों के खातों में प्रधानमंत्री के वन क्लिक कार्यक्रम के दौरान बुधवार को दोपहर आवास की प्रथम किस्त के 40-40 हजार रुपये पहुंच गए। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री को लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद भी करना था। इसके लिए एनआईसी में विभिन्न ब्लॉकों से 10-12 लाभार्थी भी बुलाए गए, लेकिन प्रधानमंत्री ने अयोध्या समेत पूर्वांचल के कुछ अन्य जनपदों के लाभार्थियों से वार्ता की।
एनआईसी कक्ष में मौजूद प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने प्रथम किस्त उनके खातों में पहुंचने की जानकारी दी तो लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान लाभार्थियों ने एलईडी स्क्रीन पर अन्य जनपदों के लाभार्थियों के साथ प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का सीधा संवाद सुना। इस अवसर पर विधायक चेतराम, वीर विक्रम सिंह प्रिंस, सीडीओ प्रेरणा शर्मा, डीआरडीए के परियोजना निदेशक डीपी सिंह आदि मौजूद रहे।