खुटार। गांव हरिहरपुर में शुक्रवार को विकास कार्यों की जांच करने पहुंची टीम के सामने ग्रामीण आपस में भिड़ गए। ग्रामीणों के बीच विवाद होता देख टीम बिना जांच किए ही लौट गई।
गांव हरिहरपुर निवासी सियाराम और विनोद कुमार ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र भेजकर बताया था कि गांव हरिहरपुर में विकास कार्यों के लिए आई धनराशि का दुरुपयोग किया गया है। प्रधानमंत्री आवास और शौचालय योजना में भी अनियमितताएं की गई है। पंचायत घर का निर्माण भी मानक के अनुरूप नहीं हो रहा है। मामले की जांच के लिए टीम का गठन किया गया था।
शुक्रवार को जिला अधिकारी के निर्देश पर जिला कृषि रक्षा अधिकारी शिवशंकर गौतम, बंडा के एडीओ पंचायत रघुनंदन प्रसाद, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के जेई के साथ गांव हरिहरपुर पहुंचे। ग्राम पंचायत अधिकारी सुशील अग्निहोत्री, प्रधान सुशील शुक्ला और शिकायतकर्ता सहित तमाम गांव के लोग भी जांच टीम आने की बात सुनकर मौके पर पहुंच गए। जांच के दौरान प्रधान, सचिव और गांव के लोगों के बीच विवाद होने लगा। इस पर जांच टीम वापस लौट गई। अधिकारियों ने कहा कि अब एक सप्ताह बाद पुलिस टीम के साथ गांव आकर जांच की जाएगी।
गांव के लोगों ने विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत की थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर तीन सदस्यीय टीम के साथ जांच करने गांव गया था। जांच के दौरान गांव के लोगों और प्रधान में कहासुनी हो गई। माहौल खराब था। अब किसी दिन पुलिस फोर्स के साथ जांच की जाएगी। - शिवशंकर गौतम, जिला कृषि रक्षा अधिकारी