शाहजहांपुर। बिजली सप्लाई के दौरान 11केवीए लाइनों पर ओवरलोडिंग और कई लाइनों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किए जाने के दौरान घंटों फीडर बंद रखे जाने से महानगर क्षेत्र में बिजली संकट बढ़ रहा है। बुधवार को हनुमत धाम-बिसरात मार्ग पर 11केवीए की पुरानी लाइन रोड के किनारे हटाने के लिए अंटा फीडर सुबह से दोपहर तक दो घंटे बंद रखा गया। इस कारण महानगर के कई मोहल्लों के सैकड़ों घरों की बत्ती गुल रही और लोगों को उमस भरी गर्मी में बिजली के बगैर वक्त काटना मुश्किल हो गया। उधर, बहादुरगंज, निगोही रोड गदियाना, अब्दुल्लागंज और ककरा कलां उपकेंद्र की लाइनों में ट्रिपिंग के कारण मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक बार-बार बिजली सप्लाई में व्यवधान पड़ने से लोग चैन की नींद नहीं ले सके।
अंटा फीडर के इलाकों दो घंटे गुल रही बिजली
महानगर की सड़कें चौड़ी होने के बाद कई स्थानों पर फुटपाथ खत्म हुए तो पुरानी लाइनों के खंभे बीच सड़क पर आ गए। ऐसे करीब 300 पोल चिन्हित किए गए, जिन्हें पीछे नालियों की ओर हटाकर नई बिजली लाइनें डाली जानी हैं। पावर कॉरपोरेशन के अभियंताओं के अनुसार लोक निर्माण विभाग और नगर निगम के खर्च पर 50 फीसदी से ज्यादा खंभे किनारे की ओर लगाकर उन पर लाइनें शिफ्ट की जा चुकी हैं। ककरा, गोविंदगंज और बहादुरगंज क्षेत्र में काफी काम कराया जा चुका है और इन दिनों हथौड़ा उपकेंद्र की लाइनों को मार्गों पर पीछे हटाया जा रहा है। इसकेे लिए अंटा और हयातपुरा फीडर पर तीन दिन औसतन चार-चार घंटे काम हो चुका है। बुधवार को सुबह 10.10 बजे से फिर इसी काम के लिए अंटा फीडर का एक घंटे के लिए शटडाउन लिया गया, लेकिन काम दोपहर 12 बजे पूरा हो सका। इस कारण अंटा चौराहा समेत बिजलीपुरा, ब्रज विहार कॉलोनी, बाबूजई (आंशिक) और चमकनी करबला के 3800 से ज्यादा घरों और प्रतिष्ठानों की बिजली ठप रही। प्रभारी अवर अभियंता केके पटेल के अनुसार अभी क्षेत्र में काफी काम शेष रह गया है और इसके लिए एक्सईएन से दोनों फीडरों का शटडाउन मांगा गया है।
सदर से घंटाघर तक रात में पसरा अंधेरा
दिन ढलने के बाद घरों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों मेें सीएफएल, पंखे, कूलर, एसी आदि उपकरण चलने से लाइनों पर बिजली भार इतना बढ़ रहा है कि वह स्वचालित व्यवस्था के बार-बार ट्रिप (बंद) हो रही हैं। इसके कारण मंगलवार रात नौ बजे महानगर की 11 केवी लाइनें ट्रिप होनी शुरू हुईं तो लाल इमली चौराहा से लेकर घंटाघर तक और सदर बाजार से बहादुरगंज होते हुए मशीनरी मार्केट तक अंधेरा पसरा रहा। प्रभावित क्षेत्र के लोगों के अनुसार मल्हार मोड़ और सदर बाजार क्षेत्र में बिजली की मांग की तुलना में ट्रांसफार्मर कम क्षमता के लगे होने से लाइनें बार-बार बंद हो रही हैं। इसकेे अलावा खलीलशर्की मेें जली कोठी से लेकर अंबा मोड़ तक, हुंडालखेल, ककरा, आनंदपुरम, जियाखेल, अब्दुल्लागंज, मतानी, बक्सरिया, ऐमनजई जलालनगर, गदियाना आदि क्षेत्रों में ट्रिपिंग होने पर दोबारा लाइनें चालू करने मेें देरी किए जाने से हर आधा-पौन घंटे के अंतराल पर 20 से 30 मिनट बत्ती गुल होती रही।
कुर्रिया कलां में लगा ट्रांसफार्मर, अनशन खत्म
कुर्रिया कलां। गांव में आए दिन बिजली समस्या को दूर करने के लिए 100 केवी के स्थान पर 250 केवी का ट्रांसफार्मर नहीं लगाए जाने पर सृजन वेलफेयर सोसाइटी से जुड़े पूर्व प्रधान पुष्पेंद्र सिंह चौहान ने मंगलवार से अनशन शुरू किया था। उनके समर्थन में गांव के लोग गोलबंद होने शुरू हुए तो विभागीय अभियंताओं की तंद्रा भंग हो गई। विधायक मानवेंद्र सिंह के पुत्र अरविंद सिंह ने पावर कॉरपोरेशन के अधीक्षण अभियंता अजीत कुमार श्रीवास्तव को वस्तु स्थिति बताई। इस पर एसई, श्रीवास्तव ने तत्काल 100 केवीए के नए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की व्यवस्था कराई और दोपहर करीब 12.30 बजे विधायक पुत्र के साथ स्वयं ट्रांसफार्मर लेकर गांव पहुंचे। उन्होंने पूर्व प्रधान को जूस पिलाकर उनका अनशन खत्म कराया। नई बंच लाइन से दूसरा ट्रांसफार्मर जुड़ने के बाद एसई, श्रीवास्तव ने कहा कि दो ट्रांसफार्मर लग जाने से गांव में ओवरलोडिंग से ट्रिपिंग और ट्रांसफार्मर जलने की समस्या खत्म हो जाएगी।