शाहजहांपुर। प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मेडिकल कॉलेज की चिकित्सीय व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को लखनऊ पीजीआई के डायरेक्टर के साथ स्थानीय डॉक्टरों के साथ बैठक की। इससे पहले खन्ना ने मेडिकल का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और कोविड मरीजों की समुचित देखभाल किए जाने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मरीजों की समुचित देखभाल और इलाज के लिए वह लखनऊ पीजीआई से पांच सदस्सीय टीम लेकर यहां आए हैं, जो अपने अनुभव को साझा कर स्थानीय मेडिकल स्टाफ का मार्गदर्शन करेगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से लेकर पैरा मेडिकल और स्टाफ नर्स तक किस प्रकार मरीजों की देखभाल करें और किस प्रकार इलाज करें, जिससे रोगियों को लाभ मिल सके, इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए पीजीआई डायरेक्टर डॉ. आरके धीरन के नेतृत्व में उनकी टीम स्थानीय चिकित्सकों के साथ बैठक करेंगी और उन्हें मरीज के भर्ती होने से छुट्टी मिलने तक इलाज के बारे में जानकारी देगी और अनुभव बांटेगी, जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जा सकें। उनकी प्राथमिकता है कि शाहजहांपुर के लोगों को चिकित्सा क्षेत्र में खासतौर पर मेडिकल कालेज में बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
खन्ना ने कहा कि यहां के लोगों को कम से कम समय में बेहतर इलाज मिले। मरीज जब आए तो उसको इंतजार न करने पड़े। इसलिए पूरी पीजीआई की टीम को डायरेक्टर सहित बुलाया गया है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और सभी से पूरी निष्ठा तथा ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आग्रह किया। इसके बाद पीजीआई डायरेक्टर आरके धीरन ने अपनी टीम के साथ स्वास्थ्य विभाग से जुड़े डॉक्टर्स, पैरामेडिकल स्टाफ, नर्सेज आदि के साथ बैठक कर उन्हें उपयोगी टिप्स दिए। इस अवसर पर डीएम इंद्र विक्रम सिंह, एसपी एस आनंद, मेडिकल कालेज प्राचार्य डॉ. अभय सिन्हा, सीएमओ डॉ. एसपी गौतम, सीएमएस डॉ. एयूपी सिन्हा आदि मौजूद रहे।