फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना से अटकी नगर निगम की कई महत्वपूर्ण योजनाएं

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। नगर निगम की ओर से शहर को स्मार्ट बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं बनाई गई है। इसमें शहर की प्रमुख सड़कों को स्मार्ट बनाने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक बसों का संचालन, कूड़ा निस्तारण प्लांट, मिनरल वाटर प्लांट लगाने की योजना शामिल है। जो योजना कोरोना संक्रमण फैलने के बाद से ठप चल रहीं हैं। जबकि सरकार की ओर से बजट भी जारी कर दिया गया था। अब नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि कोरोना संक्रमण के चलते महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर काम नहीं हो पा रहा है। निगम के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट और उनकी वर्तमान स्थिति पर एक नजर
विज्ञापन

चार सड़कों को स्मार्ट बनाने का काम
नगर निगम की ओर से शहर की चार सड़कों को स्मार्ट बनाए जाने के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट जारी हुआ था। इनमें बरेली मोड़ से गर्रा पुल, जीआईसी तिराहे से सुभाष चौराहा, पुत्तूलाल चौराहा से रोजा पुलिस चौकी और हथौड़ा चौराहा से अटसलिया फाटक रोड शामिल है। इन सभी सड़कों को बनाने का काम शुरू आधा-अधूरा ही पड़ा है। बताया जाता है कि अभी इन सड़कों को तीन लेयर में बनाया जाना है, लेकिन अभी एक लेयर ही पड़ पाई है। इन सड़कों को स्मार्ट बनाने के लिए बीच में डिवाइडर, दोनों साइड में लाइटें, अंडर ग्राउंड सीवर और सौंदर्यीकरण काम होना है।
कूड़े से खाद और बिजली बनाने का प्लांट
शहर में निकलने वाले कूड़े के निस्तारण के लिए नगर निगम ने कूड़ा से खाद और बिजली बनाने का प्लांट ककरा कलां स्थित डंपिग ग्राउंड में लगाए जाने की योजना बनाई थी। इसको लगाने के लिए करीब दो साल पहले अमेरिका की कंपनी एजी डॉटर्स बेस्ट प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों से नगर निगम प्रशासन का एग्रीमेंट हुआ था। प्लांट एक साल में शुरू होना था, इसके लिए नगर निगम ने एक हेक्टेयर जमीन दी थी। लेकिन कंपनी से करार टूटने के कारण काम ठप हो गया। इस प्रोजेक्ट में किसी दोबारा करार किया गया है, पर कोरोना संक्रमण के चलते यह काम भी शुरू नहीं हो पा रहा। इसका बजट साढ़े चार करोड़ रुपये है।
विज्ञापन

नहीं पड़ पा रही सीवर लाइन
शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति से निपटने और नदियों के जल को प्रदूषित होने से बचाने के लिए शहर में सीवर लाइन बिछाए जाने की योजना भी अधर में लटकी हुई है। इस योजना के तहत शहर में 186 किमी लंबी सीवर लाइन बिछाई जानी है। इसका बजट करीब 337 करोड़ मंजूर किया गया। नगर निगम और जल निगम की ढिलाई की वजह से अभी तक टेंडर प्रक्रिया ही पूरी नहीं हो पाई है। इसका कारण भी कोरोना को बताया जा रहा है।
इलेक्ट्रिक बसों का संचालन और चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना
नगर निगम बनने के बाद शहर की सड़कों पर इलेक्ट्रिक बसों को दौड़ने की योजना भी बनाई गई थी। बसों को चलाने के लिए चार्जिंग प्वाइंट बनाने को ककरा में गर्रा नदी के किनारे की जमीन का अधिग्रहण भी कर लिया गया। इस परियोजना का बजट 7.50 करोड़ रुपये है। इससे 25 बसों का संचालन अक्तूबर महीने तक शुरू होना था।
मिनरल वाटर प्लांट
महानगरवासियों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम कार्यालय के पास ही बाबा विश्वनाथ मंदिर के ठीक पीछे मिनरल वाटर प्लांट लगाए जाने की योजना अपना मूर्त रूप नहीं ले पाई है। बताया जाता है कि करीब 25 लाख रुपये के इस प्रोजेक्ट की शुरूआत तक नहीं हुई है, जबकि प्लांट लगाने को भुगतान कर दिया गया। जहां प्लांट लगाना है, उस भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद भी इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू होगा।
नगर निगम कार्यालय का नया भवन बनाने को मिले 50 करोड़
टाउनहाल स्थित नगर निगम कार्यालय की बिल्डिंग काफी पुरानी होने के साथ ही कार्यों के संपादन के लिए जगह की कमी को देखते हुए नए भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए ककरा कुंड में बनने वाले जैव विविधता पार्क के पास ही जमीन का चयन किया गया है। 100 करोड़ रुपये से बनने वाले इस भवन के लिए 50 करोड़ रुपये की धनराशि जारी भी हो चुकी है। अब इसके लिए साइड प्लान तैयार कराया जा रहा है।
जैव विवधिता पार्क को किया जा रहा विकसित
ककरा कुंड में जैव विधिवता पार्क को विकसित किया जा रहा है। पार्क 10 हेक्टेयर में विकसित होगा। इसमें विभिन्न प्रजाति के जैविक पौधे रोपे जाएंगे। इसके साथ ही मियां वाकी पद्घति से भी पौधारोपण करने की योजना है। पार्क के लिए 1.5 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। इसमें एक करोड़ रुपये नगर निगम को प्राप्त हो चुके हैं।
नगर निगम की ओर से सभी महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। कोरोना संक्रमण काल में काम की गति कुछ धीमी जरूर है। सभी कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है। उनको गति प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। - संतोष कुमार शर्मा, नगर आयुक्त शाहजहांपुर।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें