शाहजहांपुर। लॉकडाउन में बंद होने के कारण वित्तीय संकट का सामना कर रहीं लघु एवं सूक्ष्म उद्योग इकाइयों के लिए विभिन्न बैंक शाखाओं मेें गत एक मई से लोन मेला आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत अभी तक 374 इकाइयों को 18.80 करोड़ रुपये के ऋण बांटे जा चुके हैं। प्रधानमंत्री द्वारा आर्थिक पैकेज घोषित होने के बाद बृहस्पतिवार को सुबह मुख्यमंत्री की वीडियो कांफ्रेंस के दौरान चार उद्यमियों को विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण के चेक दिए गए।
एनआईसी मेें आयोजित वीडियो कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद उद्योग उपायुक्त दुर्गेश कुमार और अग्रणी बैंक प्रबंधक चंद्रशेखर जोशी ने प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, एक जनपद-एक उत्पाद योजना और मुद्रा योजना के लाभार्थियों को स्वीकृत धनराशि के चेक भेंट किए। बता दें कि जिले में विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों की 269 शाखाएं हैं और सभी शाखा प्रबंधकों को एमएसएमई सेक्टर की कम से कम दो-दो इकाइयों को विभिन्न ऋण योजनाओं से आच्छादित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उद्योग उपायुक्त ने बताया कि ऋण लेने की इच्छुक लघु एवं सूक्ष्म उद्योग इकाइयों को संचालकों को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत अधिकतम 25 लाख रुपये ऋण देने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत अभी तक जिले के 11 उद्यमी ऑनलाइन आवेदन कर चुके हैं। वीडियो कांफे्रस में मिनी राइस मिल प्लांट, बेकरी, जरी जरदोजी, बिजली मरम्मत आदि उद्योगों से जुड़े उद्यमी आदित्य सिंह, वेद गुप्ता, नाहिद, अनिल कुमार, सिकंदर, अन्नपूर्णा गुप्ता, अंशू मिश्रा सहित खादी ग्रामोद्योग अधिकारी गजेंद्र सिंह, आईआईए के चैप्टर चेयरमैन अभिनव ओमर, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।