शाहजहांपुर। हथौड़ा बिजली उपकेंद्र से निकले इंदिरानगर फीडर की 11 केवी लाइन की बंच लाइन सोमवार को सुबह करीब आठ बजे टूट गई। इस फाल्ट के कारण कॉलोनी के करीब 250 के अधिक घरों की बिजली सप्लाई ठप हो गई, जबकि दक्षिण-पूर्व दिशा के मकानों की बिजली सप्लाई जारी रही। दोपहर 12:30 बजे तक यह फाल्ट ठीक हो सका। इसके बाद बिजली सप्लाई सुचारू हो सकी।
इंदिरानगर कॉलोनी के करीब सात सौ घरों को दो साल पहले तक बहादुरगंज के 33 केवी सब स्टेशन से निकले बहादुरपुरा फीडर से बिजली मिल रही थी। उन दिनों शहरी क्षेत्र के फीडरों पर आपात बिजली कटौती लागू थी, जबकि हथौड़ा सब स्टेशन के ग्रामीण फीडर से किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए बिजली अधिक समय तक दी जा रही थी। यही नहीं, बहादुरपुरा फीडर पर कनेक्शन ज्यादा होने से ओवरलोडिंग की समस्या पैदा हो रही थी। इसे देखते इंदिरानगर कॉलोनी के लोगों ने अपना फीडर बदले जाने की मांग की तो वहां की 11 केवी वाली लो टेंशन लाइन हथौड़ा सब स्टेशन से जोड़ दी गई।
अब हथौड़ा चौराहा के आसपास मोहम्मदी रोड, रेती रोड और अटसलिया रोड पर लोगों के बसने से आबादी क्षेत्र का विस्तार हो रहा है। इस कारण उधर, पिछले दो साल में कनेक्शन भी बढ़ गए और इसी के साथ ओवरलोडिंग की समस्या भी बढ़ने लगी। नतीजे में इंदिरानगर क्षेत्र में लाइन फाल्ट से बिजली आपूर्ति में आए दिन बाधा पड़ रही है। गत सप्ताह कचहरी के पीछे वाली रेलवे क्रॉसिंग के पास 11 केवी लाइन के तार टूट गए थे। सोमवार को इसी कॉलोनी में प्रसाद भवन के पीछे वाले रास्ते पर डाली गई बंच लाइन के तार टूट गए। क्षेत्रवासियों ने आए दिन फाल्ट को देखते कॉलोनी का फीडर पुन: बहादुरगंज से जोड़े जाने की मांग की है।