जलालाबाद। भू जलस्तर काफी गिर जाने के कारण पहले से ही पानी की किल्लत से जूझ रहे नगरवासी नगर पालिका की मनमानी के कारण दो दिनों से बूंद-बूंद पानी को तरस रहे है। हालांकि पालिका प्रशासन बुधवार से पानी सप्लाई सुचारु कर देने का वादा जरूर कर रहा है, लेकिन जटिलताओं को देखते हुए यह दिक्कत एक दिन और बने रहने के आसार साफ नजर आ रहे हैं।
कई दिन पहले सब्जी मंडी में स्थित 30 हार्स पावर के ट्यूबवेल के पास पानी का पाइप लीक होने लगा और पानी सड़क पर बहने लगा। लोगों ने नगर पालिका में इसकी शिकायत भी की, लेकिन पालिका द्वारा इस पर ध्यान नहीं दिया गया। रविवार रात उसी जगह पर सड़क से करीब दस फुट नीचे बिछा मेन लाइन का राइजिंग पाइप फट गया, जिसके बाद पूरे नगर की पानी सप्लाई ठप हो गई। नगर में पानी सप्लाई देने के लिए और भी ट्यूबवेल हैं, मगर पाइप बदलने के लिए खोदे गए गड्ढे में सप्लाई देने के दौरान पानी भर जाने के कारण पूरे नगर की सप्लाई ठप रखना मजबूरी बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते छोटी समस्या को निपटा दिया जाता तो बड़ी मुसीबत से बचा जा सकता था।
यहां बताते चलें कि नगर में करीब एक हजार के आसपास पानी के कनेक्शन है परंतु जिनके घरों में कनेक्शन नही हैं वह लोग नगर पालिका द्वारा लगवाए गए स्टैंड पोस्ट से पानी भरकर अपना काम चला रहे हैं कारण लंबे समय से मरम्मत तथा रिबोर न होने के कारण नगर में लगे ज्यादातर इंडिया मार्का हैंडपंप खराब है और जलस्तर नीचे चले जाने के कारण घरों में लगे हैंडपंप पहले से ही पानी नहीं दे रहे जिसके चलते अधिकांश लोग नगर पालिका से मिलने वाली सप्लाई पर ही निर्भर हैं।
राइजिंग पाइप फट जाने के कारण यह समस्या पैदा हुई है यहां सामान न मिल पाने के कारण देरी हो रही है पाइप व अन्य जरूरत का सामान कानपुर से मंगवाया गया है जो रात तक आ जाएगा और रात में काम निपटाकर बुधवार से सप्लाई शुरू करा दी जाएगी।
डीएस वर्मा
अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका