शाहजहांपुर। प्रदेश के वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सोमवार को रोजा मंडी में आधुनिक सुविधाओं से युक्त शौचालय, गांधी भवन प्रेक्षागृह का पुनरुद्धार तथा गर्रा क्रॅासिंग स्थित गांधी पार्क का लोकार्पण किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार, केंद्र की मोदी सरकार के सबका साथ, सबका विकास लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र की जनता को नए भारत की ओर ले जाने के लिए सरकार प्रयासरत है। इसलिए देश और प्रदेश में अभी से बदलाव नजर आने लगा है। गर्रा पार्क स्थित गांधी पार्क के सौंदर्यीकरण के उद्घाटन अवसर पर उन्होंने बताया कि गांधी पार्क का सौंदर्यीकरण बापू जी की 150 वीं जयंती की स्मृति में कराया गया है, जो नगर निगम द्वारा अमृत योजनांतर्गत 42.17 लाख की लागत से बनाया गया है। इस अवसर पर केबिनेट मंत्री ने उपस्थित जनों को शहर को साफ-सुथरा बनाने में सहयोग के लिए प्रत्येक शनिवार को स्वच्छता अभियान के अंतर्गत श्रमदान करने की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर खन्ना ने स्वच्छता प्रभारी अल्पना श्रीवास्तव और स्वच्छता प्रेरकों को स्मृति चिन्ह देकर पुरस्कृत किया और स्वच्छता प्रेरकों को जागरुकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर सांसद अरुण सागर ने कहा कि प्रदेश सरकार और कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना के अथक प्रयास से जनपद दिन-प्रतिदिन विकास की ओर अग्रसर है। सरकार की विभिन्न योजनाओं से जनपद की जनता को लाभान्वित किया जा रहा है।
इससे पूर्व डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि शहर में 10 पार्कों पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। साथ ही अमृत योजना के अतिरिक्त नगर में पेयजल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन आदि योजनाओं से भी नगरवासियों को लाभान्वित किया जा रहा है। इसी क्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री ने रोजा मंडी में आधुनिक सुविधाओं से युक्त सुलभ शौचालय तथा टाउनहाल स्थित गांधी भवन के सौंदर्यीकरण का भी लोकार्पण किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव, डीसीबी चेयरमैन डीपीएस राठौर, एसपी डॉ. एस चन्नप्पा, सीडीओ महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त विद्याशंकर सिंह, संयुक्त नगर आयुक्त एसके सिंह, उप निदेशक निर्माण रवेंद्र सिंह, सहायक अभियंता अजय कुमार पांडेय, अवर अभियंता मो. हैदर, फैज अहमद सहित अन्य अधिकारीगण और विशिष्टजन मौजूद रहे।