जैतीपुर एक ही बिस्तर पर दो दो लोग बैठे खाना खा रहे ।
- फोटो : SHAHJAHANPUR
जैतीपुर। देहात क्षेत्र में बनाए गए शेल्टर होम में क्वारंटीन लोग न तो सामाजिक दूरी का पालन कर रहे हैं न ही शेल्टर होम की देखभाल करने वाले इस पर ध्यान दे रहे हैं। बुधवार रात राजस्थान से लौटे जिले के 14 मजदूरों को जैतीपुर में बने शेल्टर होम में क्वारंटीन किया गया था, लेकिन वहां देखरेख करने वाला कोई न होने पर मजदूर सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाते रहे। बृहस्पतिवार को क्वारंटीन किए गए दो-दो मजदूर एक ही बिस्तर पर बैठकर खाना खाते दिखे। इससे पहले भी देहात क्षेत्र से क्वारंटीन किए गए लोगों के शेल्टर होम में न रुककर गांवों में घूमने या फिर गेहूं की फसल काटने के मामले सामने आते रहे हैं।
कोरोना वायरस के मामले बढ़ने शुरू हुए तो पूरे देश को लॉकडाउन कर दिया गया, इसके बाद प्रवासी मजदूरों का घर वापसी का सिलसिला भी शुरू हो गया। ट्रेन, बस समेत अन्य यातायात की सेवाएं बंद होने के कारण मजदूर पैदल ही अपने घरों की ओर निकल पड़े। बुधवार रात गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के गांव रामपुर में 14 लोग राजस्थान से पैदल चलकर पहुंचे। सूचना पर पुलिस और ग्राम प्रधान ने उन्हें गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में क्वारंटीन करा दिया। यह सभी लोग राजस्थान के अजरिका में गेहूं और सरसों की कटाई करने गए थे। सभी रविवार सुबह वहां से पैदल ही निकल पड़े थे, जो बुधवार रात अपने गांव पहुंचे। बृहस्पतिवार को सभी मजदूर पास बैठकर खाना खाते नजर आए। इनमें से कुछ गद्दों पर दो-दो मजदूर बैठे दिखे।
ग्राम प्रधान के साथ मिलकर बाहर से आने वालों की विद्यालय में रहने की व्यवस्था करा दी। सुबह मेडिकल टीम से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। जिसमें सभी को 14 दिन सामाजिक दूरी बनाकर क्वारंटीन रहने की सलाह दी गई है। ग्राम प्रधान अजय पाल ने बताया है कि एक व्यक्ति को एक गद्दे की व्यवस्था की गई है और सबको दूरी बनाए रखने को कहा गया है। इसका पालन भी कराया जाएगा। - राजेश बाबू मिश्रा, थानाध्यक्ष गढ़िया रंगीन