शाहजहांपुर। नगर निगम की ओर से शहर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त होने का दावा किया जाता है, लेकिन इसकी हकीकत गली-मोहल्लों में साफ नजर आती है। सोमवार को छोटा ककरा का जायजा लेने पर गंदगी से पटी गलियां, बजबजाती नालियां और सड़कों पर बिखरा गोबर मिला।
छोटा ककरा में दो हजार से ज्यादा मकान हैं। मुख्य मार्ग की बात छोड़ दी जाए तो गली मोहल्ले के बाहर गंदगी का अंबार लगा रहता है। गलियों के अंदर भी गंदगी पड़ी रहती है। इससे लोगों को परेशानी होती है। न्यू सिटी ककरा की ओर जाने वाली गली की पुलिया ही गंदगी से पटी रहती है।
नालियों की सफाई नियमित रूप से नहीं होती। सड़कों के किनारे गोबर के ढेर लगे रहते है। तो खाली पड़े प्लाटों में कूड़ा और गोबर डाला जाता है। लोगों का कहना है कि ककरा में ही नगर निगम की ओर से न्यू सिटी विकसित की जा रही। पहले शहर के पुराने गली-मोहल्लों में जो अव्यवस्थाएं फैली है, उनको दुरुस्त कराया जाए।
सफाई कर्मचारी रोजाना नहीं आते, जिसकी वजह से छोटा ककरा में सफाई व्यवस्था बदहाल है। बरसात के मौसम में गलियों में कीचड़ हो जाती है। लोगों का पैदल निकना दूभर होता है। - छोटे खां
पुराने मोहल्लों में सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जाता, नया शहर बसाने का काम नगर निगम कर रहा है। पहले वहां व्यवस्थाएं दुरुस्त की जानी चाहिए जहां लोग रह रहे हैं। - कलीम उल्ला
मोहल्ले में जलभराव की समस्या सबसे बड़ी है। पुलिया से पानी पास नहीं होता है, जिसकी वजह से जलभराव रहता है। सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाकर व्यवस्थाएं ठीक करायी जाए। - मोहम्मद सलीम
पेयजल आपूर्ति के लिए कनेक्शन की बात छोड़ो कॉलोनियों में अभी सरकारी हैंडपंप तक नहीं लगे हैं। छोटा ककरा मूलभूत सुविधाओं से ही महरूम है। सफाई व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। - फरीद
मोहल्लों में सफाई के लिए कर्मचारियों को लगाया है। साथ ही सफाई निरीक्षकों की देखरेख में अभियान चलाकर सफाई कराई जाती है। कोई शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी की जाती है। - पवन कुमार, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक, नगर निगम शाहजहांपुर।
शाहजहांपुर के मोहल्ला ककरा खुर्द में मार्ग पर भरा पानी । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR