शौचालय जांचने सुबह पांच बजे छीतेपुर गांव पहुंचे डीएम
खुले में शौच से मुक्ति एवं शौचालय के इस्तेमाल सुनिश्चित कराने के प्रशासनिक अभियान के क्रम में सोमवार सुबह पांच बजे डीएम विजय किरन आनंद भावलखेड़ा ब्लॉक के डा. राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम छीतेपुर पहुंचे। खुले में शौच से मुक्त (ओडीएफ) घोषित करने हेतु गठित सत्यापन कमेटी द्वारा गांव के घर-घर जाकर सत्यापन किया। स्थलीय निरीक्षण में मिला कि गांव में इस समय 249 परिवार निवास कर रहे हैं एवं सभी घरों में शौचालय बने हुए है और सभी अपने-अपने शौचालय का प्रयोग कर रहें हैं। अभियान के अंतर्गत चयनित जिले के 225 ग्राम पंचायतों में से सर्वप्रथम ग्राम पंचायत छीतेपुर की पंचायत समिति ने अपने ग्राम पंचायत ओडीएफ घोषित होने का प्रस्ताव दिया है। डीएम ने गांव में पहुंचकर निगरानी समिति के अध्यक्ष अली शेर, पूर्व प्रधान स्नेह लता व निगरानी समिति (बच्चों) के अध्यक्ष गोविंद से जानकारी प्राप्त की कि कोई ग्रामवासी खुले में शौच करने जाता है या नहीं। डीएम ने ग्राम प्रधान रावेंद्र कुमार को निर्देश दिया कि गांव में दो-तीन सामुदायिक शौचालय बनवायें जिसकी देख-रेख निगरानी समिति द्वारा की जायेगी। निरीक्षण में मिला कि गांव में एक आंगनबाड़ी केंद्र हैं, जो अपूर्ण है। गांव में कूड़ा डालने के लिए कोई व्यवस्था नहीं होने पर डीएम ने एसडीएम सदर को कहा कि सोमवार को ही गांव में लेखपाल भेजकर कूड़े के लिए गढ्ढे की व्यवस्था करायें। आंगनबाड़ी केंद्र पर क्षेत्र पंचायत की ओर से शौचालय बनवाने एवं स्कूलों में भी शौचालय पूर्ण कराने को कहा।
फिर चौपाल लगाकर डीएम ने ग्रामवासियों से कहा कि गांव में जुआ, शराब, दंबगई, गुंडई आदि नहीं हो एवं आपसी भाईचारा बनाए रखें तभी यह गांव आदर्श गांव बनेगा। ग्राम पंचायत समिति के अध्यक्ष पंकज से कहा कि वह समिति की नियमित बैठके कराते रहें। इस अवसर पर विनोवा सेवा आश्रम के रमेश भैया व विमला बहन ने भी ग्रामवासियों को शौचालयों का प्रयोग करने के लिये प्रेरित किया। जिला पंचायतराज अधिकारी ने चौपाल में ग्रामवासियों को शौचालय के प्रयोग के विषय में विस्तार से जानकारी दी।