फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

समग्र गांव अगौना बुजुर्ग में लगी चौपाल

Sat, 29 Aug 2015 12:19 AM IST
पुवायां (ब्यूरो)।
विज्ञापन
विज्ञापन
 मिड-डे मील प्राधिकरण की निदेशक श्रद्धा मिश्रा ने समग्र विकास योजना के तहत चयनित गांव अगौना बुजुर्ग में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान उन्होंने कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
विज्ञापन

गांव में वृद्धावस्था आदि पेंशन पाने वाले लोगों ने पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की। गांव में लगे 24 हैंडपंप में दो खराब पाए गए। इसके अलावा गांव में लगी सभी हाईमास्ट लाइटें बंद मिली। सीडीओ पुलकित खरे ने निर्देश दिए कि कार्यदायी संस्था से लाइटें तत्काल सही कराई जाएं। गांव के तमाम लोगों ने कहा कि कोटेदार दो माह में एक बार केरोसीन वितरित करता है और राशन भी कम देता है। इस मामले में एसडीएम को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस दौरान गांव में कैंप लगाकर किसानों का रजिस्ट्रेशन किया गया। निरीक्षण के दौरान एडीएम पीके श्रीवास्तव, सीडीओ पुलकित खरे, एसडीएम लालबहादुर, सीओ उमेश शर्मा सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे। पुवायां अस्पताल में शुक्रवार को व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहीं। डॉक्टर सहित तमाम स्टाफ यूनिफार्म पहनकर रोगियों से बेहद शालीनता से बात करते देखे गए। साफ सफाई का भी विशेष ध्यान रखा गया। पुवायां में निरीक्षण के दौरान सिविल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सुशील कुमार लल्ला और पूर्व महामंत्री ओमपाल सिंह यादव, सुनील सिंह, संजीव सिंह, दिनेश मिश्रा, रामरेश सिंह आदि ने नोडल अधिकारी से अस्पताल में जनरेटर नहीं चलाए जाने की शिकायत की। गांव रतनपुर कुंडा के मनोज कुमार ने अस्पताल से दवाएं नहीं दिए जाने और विरोध करने पर अभद्रता किए जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत की।
विज्ञापन


जाम में फंसी निदेशक
पुवायां। मिड-डे मील प्राधिकरण की निदेशक श्रद्धा मिश्रा गांव अगौना बुजुर्ग में समस्याएं सुनकर वापस जिला मुख्यालय जाते समय राजीव चौक पर जाम में फंस गईं। यह देखकर पुलिस के हाथ पांव फूल गए। कोतवाली प्रभारी राजकुमार यादव ने खुद लाठी फटकार कर जाम खुलवाया और निदेशक की गाड़ी को निकलवाया। जिले की नोडल अधिकारी श्रद्धा मिश्रा के राजीव चौक पर जाम में फंस जाने और बाद में भाकियू के चक्का जाम में फंस जाने पर सीओ उमेश शर्मा बेहद खफा हो गए। उन्होंने कोतवाली पहुंचकर दरोगा और सिपाहियों को जमकर फटकार लगाई और कार्रवाई की चेतावनी दी।

निदेशक ने स्कूल में तहरी की गुणवत्ता परखी
सिंधौली। नोडल अधिकारी/निदेशक मध्याह्न भोजन प्राधिकरण श्रद्धा मिश्रा ने कस्बे के प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने रसोईघर में साफ-सफाई एवं मसाला व तेल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल में बनी तहरी खाकर उसकी गुणवत्ता को परखा। स्कूल में 270 बच्चे पंजीकृत हैं, जिनमें 195 बच्चे उपस्थित पाए गए। इस मौके पर सीडीओ पुलकित खरे, एडीएम वित्त एवं राजस्व पीके श्रीवास्तव, बीएसए राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।

भाकियू ने किया चक्का जाम
पुवायां। विभिन्न समस्याओं का समाधान कराने की मांग को लेकर पुवायां में एसडीएम कार्यालय पर चल रहा भाकियू का धरना प्रदर्शन पांचवे दिन भी जारी रहा। किसानों ने शुक्रवार को चक्का जाम किया। शुक्रवार को पांचवें दिन जिलाध्यक्ष अजीत सिंह भी धरना स्थल पर पहुंचे। अजीत सिंह के नेतृत्व में शाहजहांपुर मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। निदेशक सहित तमाम अधिकारियों के वाहन भी जाम में फंस गए। एडीएम पीके श्रीवास्तव और एसडीएम लालबहादुर ने भाकियू कार्यकर्ताओं से जाम खोलने का अनुरोध किया। एडीएम ने एसडीएम को किसानों की समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके बाद जाम समाप्त कर दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें