किसान सहकारी चीनी मिल करनापुर के सामने मिल के लेखा विभाग में कार्यरत संविदा कर्मी की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। इससे घर में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया है।
सीतापुर जनपद के थाना रामकोट के गांव मोहद्दीनपुर निवासी 30 वर्षीय दीपेंद्र पटेल किसान सहकारी चीनी मिल के लेखा विभाग में संविदा पर लिपिक थे। उनके पिता प्यारेलाल मिल में गोदाम प्रभारी के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। दीपेंद्र मिल कॉलोनी में ही पिता और मां सुशीला के साथ रहते थे। रविवार को वह बुखार की दवा लेने गांव करनापुर गए थे। लौटते समय मिल के सामने खुटार की ओर से आ रहे मौरंग भरे ट्रक ने दीपेंद्र को कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी पाकर मिल के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। दीपेंद्र की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।