शाहजहांपुर में बीएसए की गाड़ी रोके खड़े बच्चे। संवाद
शाहजहांपुर। कलान के एक निजी स्कूल में आरटीई के तहत फर्जीवाड़ा करने के मामले में कार्रवाई नहीं होने पर मंगलवार को कस्बे के कमलेश कुमार फिर धरने पर बैठ गए। उनके साथ स्कूल यूनिफॉर्म में आए विद्यार्थियों ने नारेबाजी की। इस बीच बीएसए की गाड़ी घेर ली। इस पर जमकर नोकझोंक भी हुई। करीब चार घंटे के बाद धरना समाप्त किया गया।
कमलेश ने बताया कि उनकी बेटी सीटू देवी, बेटा दीपक, अविनाश व अन्य बच्चे कलान के एक निजी स्कूल में पढ़ते हैं। आरोप है कि स्कूल के संरक्षक ने आरटीई के धनराशि में हेरफेर कर गबन कर लिया। वह पूर्व में आठ बार प्रार्थना पत्र दे चुके हैं।
बीएसए ने सोमवार तक का समय दिया था, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि बच्चों को स्कूल से भगा दिया गया। मंगलवार को कमलेश अपने बच्चों के साथ बीएसए कार्यालय पहुंचे और गेट पर बैठ गए। दिन में दो बजे बीएसए की गाड़ी गेट से बाहर जाने के लिए हुई तो बच्चों ने रोक ली।
हालांकि, गाड़ी में बीएसए दिव्या गुप्ता नहीं थीं। इस बीच कमलेश कुमार की कार्यालय के लिपिकों से जमकर नोकझोंक भी हुई। करीब ढाई बजे डीआईओएस ने कॉल कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब धरना खत्म किया गया।