तालाब में डूबकर खुटार के जिगर कश्यप की मौत के बाद रोती मां पूनम देवी। संवाद
- फोटो : संवाद
खुटार। बिल्ली के पीछे गए ढाई साल के बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार पैर फिसल जाने से उसके डूबने की आशंका है। पुलिस को सूचना नहीं दी गई है।
मोहल्ला पश्चिमी गढ़ी निवासी गौरव कश्यप सब्जी बेचते हैं। उनके घर के पास तालाब है। शनिवार को गौरव नगर में ही नखासा बाजार में दुकान लगाने गए थे। घर में पत्नी पूनम देवी और ढाई साल का पुत्र जिगर कश्यप था। दोपहर बाद करीब तीन बजे जिगर एक बिल्ली के पीछे घर से निकल गया।
काफी देर तक वापस नहीं आने पर मां ने तलाश शुरू की और पता न चलने पर पति को बुला लिया। तलाश करने के दौरान जिगर की चप्पल तालाब में उतराती दिखी। इसके बाद तलाश करने पर जिगर का शव तालाब में जलकुंभी के नीचे फंसा मिला।
इस पर परिजन बिलख उठे। परिजनों के अनुसार, जिगर पैर फिसलने से तालाब में गिरा होगा और गहरा पानी होने के कारण वह डूब गया। जलकुंभी के कारण किसी को जिगर के तालाब में गिरने का पता भी नहीं चल सका। जिगर की मौत से पिता गौरव, मां पूनम देवी, भाई अनश, बाबा रामेश्वर दयाल का रो रोकर बुरा हाल है।
तालाब में डूबकर खुटार के जिगर कश्यप की मौत के बाद रोती मां पूनम देवी। संवाद- फोटो : संवाद