फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बालक की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम

विज्ञापन
विज्ञापन
निगोही। पिता की अंगुली पकड़ कर बिस्कुट लेकर घर जा रहे आठ वर्षीय बालक को बेकाबू पिकअप ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बालक की मौत से बौखलाए ग्रामीणों ने रोड पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक जाम लगने से वाहनों की कतारें लग गईं। एसपी के कार्रवाई का आश्वासन देने पर जाम खुला। इधर, पुलिस ने पिकअप कब्जे में ले ली है, जबकि चालक फरार है।
विज्ञापन

रविवार को निगोही थाना क्षेत्र के गांव मिश्रीपुर निवासी दिनेश सिंह अपने भतीजे प्रिंस को गोद में लेकर और आठ वर्षीय पुत्र प्रतीक की अंगुली पकड़ कर गांव की ही दुकान से बिस्कुट लेने गए थे। वापस लौटते समय शाहजहांपुर से निगोही के लिए सब्जी लेकर तेज गति से जा रही पिकअप ने पीछे से प्रतीक को टक्कर मार दी। पिकअप के नीचे आने से प्रतीक की मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच जुटे आक्रोशित ग्रामीणों ने पिकअप के पकड़े जाने और मार्ग पर ब्रेकर निर्माण की मांग को लेकर शव को रख जाम लगा दिया। निगोही थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जाम को खुलवाने का काफी प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण चालक को पकड़े जाने की मांग पर अड़े रहे। एक घंटे बाद पुलिस ने सब्जी लदी पिकअप को हादसे से कुछ दूरी से बरामद कर लिया।
हालांकि चालक फरार हो गया। इसके बाद ब्रेकरों के निर्माण की मांग की गई, जिस पर थाना प्रभारी ने एसपी से मोबाइल फोन पर बात की। एसपी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया तब ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। सुबह 8 से 9 बजे तक मार्ग पर वाहनों की कतारें लगी रहीं। इधर, मृतक के चाचा प्रदीप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मृतक की मां रेखा, पिता दिनेश, भाई रितिक और मोहित का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
विज्ञापन

मृतक के चाचा प्रदीप सिंह की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चालक जल्द पकड़ा जाएगा।
- राजेश कुमार, थाना प्रभारी निगोही
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें