शाहजहांपुर। सूर्य देवता की उपासना का पर्व छठ 25 अक्तूबर से प्रारंभ होगा। इसे लेकर पूर्वांचल समाज के लोगाें ने तैयारियां शुरू कर दीं हैं। संध्या अर्घ्य को लेकर खन्नौत नदी घाट की सफाई के लिए पूर्वांचल महासभा के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त व डीएम से मिलकर मांग की है।
महासभा के महासचिव विपुल प्रसाद ने बताया कि 25 अक्तूबर को नहाय खाय के साथ छठ पर्व प्रारंभ होगा। चने की दाल, लौकी और भात प्रसाद के रूप में ग्रहण किया जाएगा। 26 को खरना होगा। इसमें पूजन के बाद खीर और रोटी को ग्रहण किया जाएगा। उसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत प्रारंभ होगा। 27 अक्तूबर की संध्या को अर्घ्य होगा और 28 को सुबह पारण होगा।
खन्नौत नदी पर शाम और सुबह होने वाले आयोजन को लेकर पूर्वांचल महासभा के अध्यक्ष सतीश चंद्र मिश्रा और महामंत्री विपुल प्रसाद सिंह ने अधिकारियों से पत्राचार किया है। नगर आयुक्त को भेजे पत्र में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की गई है, साथ ही डीएम और एसपी से दो दिन पहले नदी पर आने वालीं भैंसों को रोकने की मांग की है, जिससे सफाई व्यवस्था बनी रहे।