जलालाबाद। महिला ने एक लाख की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए सपा के जिला उपाध्यक्ष, उसके भाई व पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी रेनू अग्निहोत्री ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि एक मामले में उसके दो बेटों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। तहसील पर उन्हें नगर के मोहल्ला नबीनगर निवासी शिवओम वाजपेयी मिले। उन्होंने कहा कि उनका बेटा जीवेंद्र वाजपेयी सपा का जिला उपाध्यक्ष है। वह अपनी पहुंच के चलते मामला निपटवा देगा। इसमें दो लाख रुपये खर्च होगा।
गरीबी का हवाला देने पर एक लाख रुपये का इंतजाम करने के लिए कहा। जमीन व जेवर गिरवी रखकर बीस हजार रुपये पिछले साल 18 नवंबर को जीवेंद्र के भाई करन के खाते में जनसेवा केंद्र के माध्यम से डाले। 80 हजार की राशि नकद दी, लेकिन काम नहीं हुआ। रुपया वापस मांगने पर टालमटोल की।
जब 15 अप्रैल को फिर रुपये मांगे तो दोनों बेटों को मार डालने की धमकी दी गई। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।