कई दिनों से दिन में खिल रही चटख धूप से शनिवार को राहत तो मिली, लेकिन रुक-रुक कर हुई कभी बूंदाबांदी तो कभी तेज बरसात से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। सड़कों और गलियों में फिसलन बढ़ गई। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को 6.6 मिलीमीटर बरसात रिकार्ड की गई, जो फसल के लिए लाभदायक बताई जा रही है।
शुक्रवार शाम से ही बादल होने से बरसात का अनुमान लगाया जा रहा था। शनिवार तड़के से हल्की बूंदाबांदी से मौसम खुशनुमा रहा। चूंकि हवा बंद थी, लिहाजा सर्दी में कोई इजाफा नहीं हुआ। पूरे दिन आसमान में काले बादल छाए रहे। दिन में भी कभी हल्की तो कभी तेज बरसात से बाजार की रौनक भी जाती रही। दोपहर बाद दो बार तेज बरसात होने से गलियों में काफी पानी भर गया। कई स्थानों पर आवागमन ही बंद हो गया। महिलाएं छाता के सहारे जरूरी कामकाज निपटाने निकलीं, स्कूलों से बच्चे भी भीगते हुए ही घरों को पहुंच सके।