चांदपुर (खुटार)। करीब एक दशक पहले बना पांच किमी लंबा चांदपुर-मैलानी मार्ग गड्ढों की भरमार से बदहाल हो गया है। बाइक से यह दूरी दस मिनट में तय हो सकती है, लेकिन गड्ढों से बचने के फेर में लोगों को मैलानी तक जाने या फिर वहां से आने में 30 मिनट से ज्यादा समय लग रहा है। सिंगल लेन का रास्ता जर्जर हो जाने से आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन सड़क की मरम्मत पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
पीडब्ल्यूडी का यह मार्ग लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने के कारण हाईवे तक जाने का संपर्क मार्ग है। इसलिए मार्ग पर हर समय यातायात का दबाव रहता है। इसी मार्ग के किनारे बसे बरगदिया, हरनहाई, लड़ती, भीखमपुर, रायपुर, तुलापुर, गोरा, नवदिया, सेहरामऊ उत्तरी, हंसपुर, जोगराजपुर आदि कई गांव बसे हैं।
इन गांवों के लोग भी इसी रास्ते से ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालय तक आवाजाही करते हैं। सड़क की बजरी कोलतार कई जगह उखड़ जाने और गड्ढों की भरमार होने से अक्सर बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए मैलानी अस्पताल तक ले जाना कठिन हो जाता है।
ग्रामीणों की बात
चांदपुर से मैलानी तक कई जगह मार्ग का सफाया हो चुका है। गड्ढों के अलावा कई जगह उखड़ी बजरी बाइक सवारों के लिए हादसे की वजह बन रही है।
अमर शुक्ला, तुलापुर
-
मार्ग खराब होने से आसपास के गांवों के मरीजों, खासकर प्रसव के लिए गर्भवती महिलाओं की जान अक्सर खतरे में पड़ जाती है। बारिश में बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो जाती है।
-रामओम बाजपेयी, क्षेत्र पंचायत सदस्य, खुटार
ब्लॉक में कई बार ग्राम प्रधानों की बैठक के दौरान एसडीएम, खंड विकास अधिकारी और एडीओ से मार्ग की मरम्मत कराने को कहा गया। लिखित प्रतिवेदन भी दिए, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
-पंकज मिश्रा, ग्राम प्रधान, चांदपुर
-
अपने विधानसभा क्षेत्र की जर्जर हो चुके कई मार्गों की मरम्मत का प्रस्ताव शासन को भेजा है। प्रस्ताव में चांदपुर-मैलानी मार्ग भी शामिल है। शासन से मंजूरी मिलते ही इस मार्ग की मरम्मत प्राथमिकता से कराई जाएगी।
-चेतराम, विधायक, पुवायां विधानसभा क्षेत्र
चांदपुर-मैलानी मार्ग में गड्ढों के कारण बदहाल सड़क। संवाद
चांदपुर-मैलानी मार्ग में गड्ढों के कारण बदहाल सड़क। संवाद
चांदपुर-मैलानी मार्ग में गड्ढों के कारण बदहाल सड़क। संवाद
चांदपुर-मैलानी मार्ग में गड्ढों के कारण बदहाल सड़क। संवाद